मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए राज्य सरकार पूरी सतर्कता बरतते हुए काम कर रही है. इससे जुड़े सभी अहम पहलुओं पर गंभीरता से काम किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इस संवाद के दौरान प्रस्तुतीकरण में कोरोना वैक्सीन से संबंधित बातों की जानकारी दी गयी है.
कोरोना वैक्सीन उपलब्ध होने की स्थिति में वैक्सीन को लोगों तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार की तरफ से व्यवस्थित रूप से सभी तैयारियां की जा रही हैं.
कोरोना वैक्सीन और वायरस संक्रमण से बचाव पर प्रधानमंत्री ने विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ संवाद किया. इस दौरान नीति आयोग के सदस्य बीके पॉल ने कोरोना वैक्सीन के विकास से संबंधित एक प्रस्तुतीकरण दिया.
वैक्सीन को लेकर मौजूदा स्थिति पर बिंदुवार चर्चा हुई. यह संवाद दो चरणों में हुआ. पहले चरण में वर्तमान में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित आठ राज्य के मुख्यमंत्री के साथ बात की गयी.
इसके बाद दूसरे चरण में अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री से बात हुई. इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय समेत अन्य सभी संबंधित अधिकारी मौजूद थे.