2020/11/05

हसनपुर सीट से प्रत्याशी हैं तेज प्रताप, वहां महिलाओं ने पुरुषों से 17.5% ज्यादा की वोटिंग

BIHAR-SAMASTIPUR-राजद नेता तेज प्रताप यादव जिस हसनपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं, वहां महिलाओं ने पुरुषों के मुकाबले काफी ज्यादा वोटिंग की है। इस सीट पर दोनों की वोटिंग में करीब 16 हजार मतों का अंतर है।

 हसनपुर में कुल मतदाता 2,91,992 हैं, जिसमें पुरुष वोटर 1,54,453 जबकि महिला वोटरों की संख्या 1,37,531 है। इसमें 77,759 पुरुषों ने वोट किया है जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 93,306 रही।

 दोनों मिलाकर 1,71,065 वोट पड़े जो कुल मतदाताओं का 58.59 प्रतिशत हैं। महिलाओं का मत प्रतिशत 67.84 रहा है जबकि सिर्फ 50.34 प्रतिशत पुरुषों ने वोट किया है।

दूसरे चरण में महिलाओं ने मारी बाजी

समस्तीपुर की हसनपुर विधानसभा सीट पर दूसरे चरण में 3 नवंबर को वोट डाले गए थे। दूसरे चरण में महिलाओं ने वोटिंग करने में पुरुषों से बाजी मार ली है।

 इस चरण में 94 विधानसभा सीटों पर कुल 55.70 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसमें पुरुषों का मत प्रतिशत 52.92 रहा जबकि महिलाओं का मत प्रतिशत 58.80 रहा है।