पुलिस ने बताया कि यूपी के कुमारगंज थाना से आए अवर निरीक्षक राहुल कुमार पांडेय ने एक लिखित आवेदन देकर सहयोग मांगा था। इसमें यूपी के उक्त थाना क्षेत्र से कथित अपहृत लड़की के अपहरण होने का एक मामला दर्ज कराया गया था।
इस मामले में वारिसनगर थाना क्षेत्र के सतमलपुर गांव निवासी नंदलाल के पुत्र राजू को अभियुक्त बनाया गया था। दोनों थाने की पुलिस ने अभियुक्त के घर बुधवार की रात छापेमारी कर लड़की को अभियुक्त के साथ उसके घर से बरामद किया।
इधर, बरामदगी के पश्चात लड़की ने बताया कि झांसी में दोनों के बीच प्रेम हुआ था। उसके बाद वह अपने रिश्तेदार के घर अयोध्या से प्रेमी के साथ भाग गई।
बाद में दोनों ने शादी कर ली। इसके बाद वह अपने ससुराल चली आई। जहां वह पति-पत्नी के रूप में रहती हैं। वहीं यूपी पुलिस ने बताया कि लड़की के नाबालिग होने के कारण आरोपित को न्यायालय में पेशी कर उसे जेल भेजा जाएगा।