2020/10/25

बिहार में डबल मर्डर से इलाके में सनसनी,दोनों घर से मछली मारने के लिए निकले थे

BIHAR-Buxar-बिहार में डबल मर्डर से इलाके में सनसनी फैल गई।बगेन थाना क्षेत्र के एकरासी गांव में धान के खेत से दो महादलित युवकों के शव बरामद किए गए है। दोनों तीन दिन पहले अपने घर से मछली मारने के लिए निकले थे। इस बीच तीन दिन बाद धान के खेत से दोनों के शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

 घरवालों के अनुसार मछली मारने के विवाद में दोनों की गला घोंट कर हत्या कर दी गई है। इस घटना की सूचना मिलते ही लाश को कब्जे में लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई हैं।

बताया जाता है कि एकरासी गांव की महादलित बस्ती में रहने वाले 40 वर्षीय रामईश्वर मुसहर और 25 वर्षीय रमेश मुसहर गुरुवार को एक साथ मछली मारने के लिए घर से निकले थे। 

लेकिन देर रात तक दोनों जब घर वापस लौटकर नहीं आए तो इसके बाद स्वजनों ने खोजबीन शुरू कर दी। दूसरे दिन भी तलाश करने के बाद कोई सुराग नहीं मिलने से दोनों के घरवाले काफी परेशान थे। इस बीच शनिवार को अभी दोनों परिवार खोजबीन में लगे ही थे कि दोपहर में गांव के बाहर धान के खेत में दोनों के शव मिलने की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। 

घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद मृतक के स्वजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।