2020/10/24

पटना: गले में फंदा डालकर महिला ने किया सुसाइड,पति से मामूली झगड़े के बाद की सुसाइड

BIHAR-दानापुर में रूपसपुर थाना क्षेत्र की आइएएस कॉलोनी में एक महिला द्वारा गले में फंदा डालकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है। 

मिली जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर की रहने वाली पूनम मिश्रा (30 वर्ष) अपने पति कन्हैया मिश्र व बच्चों के साथ आइएएस कॉलोनी में रहती थीं। बताया जाता है कि बीती रात पति के साथ पूनम का किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। 

इसके बाद उसने दूसरे कमरे में जाकर दरवाजा बंद कर लिया। काफी समय बाद भी दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद घरवालों ने आवाज दी तो भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी प्रयास के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर कमरे का दरवाजा तोड़कर देखा गया तो पूनम अंदर फंदे से लटकी मिली।

 इसके बाद उसे फंदे से उतार कर अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, तब तक उसकी मौत हो गयी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गयी।पुलिस ने बताया कि पति ने आपसी झगड़े के बाद आत्महत्या की बात बताई है। अब मृतका के स्वजनों के आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। दंपती की शादी 2006 में हुई थी। इनके दो बच्चे भी हैं।