2020/10/17

समस्तीपुर-नवरात्र-मंदिरों व छोटे पंडालों में की जाएगी मां की आराधना, कलश स्थापना आज

BIHAR-SAMASTIPUR- वर्ष की चौथी व अंतिम नवरात्र आश्विन नवरात्र को लेकर मंदिरों व पूजा पंडालों में तैयारी पूरी हो चुकी है। चारों ओर माता के स्वागत का माहौल बन चुका है। बताया जाता है कि नवरात्र को लेकर शनिवार को कलश स्थापना होगी। 

वहीं 26 अक्टूबर को विजया दशमी मनाई जाएगी। कोरोना गाइडलाइन को देखते हुए मंदिरों में छोटी मूर्ति व पंडाल वाले पूजा स्थल पर छोटे पंडाल का निर्माण कराया गया है। वहीं मन्नीपुर सहित कई मंदिरों में श्रद्धालुओं के लिए आने की मनाही होगी। 

मंदिर के स्वयंसेवक डाला में प्रसाद लेकर आगे बढ़ाएंगे। बताया जाता है कि इस बार नवरात्र में माता का आगमन तुरंग वाहन यानि घोड़े पर हो रहा है। वहीं माता की विदाई महिषा यानि भैंसा पर होगी।

घटस्थापन का शुभ मुहूर्त सुबह 6.27 से 10.13 तक
पंडित संजय शुक्ला शास्त्री ने बताया कि नवरात्र में घट पूजन का अधिक महत्व है। इसे शुभ मुहूर्त में करना चाहिए। घट स्थापना का शुभ मुहूर्त 17 अक्टूबर को सुबह 6:27 से 10:13 तक है। अभिजित मुहूर्त 11:36 से 12:24 तक रहेगा। इस समय घटस्थापन किया जाय तो सब मंगल होगा।