2020/10/21

मोतिहारी में बाइक के साथ साढ़े सात किलोग्राम चरस जब्त,पुलिस को देख तस्कर फरार

BIHAR-MOTIHARI-पुलिस ने पूर्वी चंपारण के सुगौली थाना क्षेत्र के बौधा से करीब साढ़े सात किलोग्राम चरस जब्त की है। बताया जाता है कि विधानसभा चुनाव को लेकर पुलिस की एक टीम थाना क्षेत्र के दक्षिणी सुगांव पंचायत के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बौधा का निरीक्षण करने गई थी। 

निरीक्षण के बाद पुलिस ने वाहनों की जांच शुरू कर दी। इस बीच बाइक पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते नजर आये। थानाध्यक्ष विवेक जायसवाल को पुलिस बल के साथ वाहन जांच करते देख दोनों मोटरसाइकिल छोड़ भाग गए।

 पुलिस टीम जब स्प्लेंडर बाइक के पास आई तो देखा कि बाइक की डिक्की में सात किलो 500 ग्राम चरस रखी हुई है। पुलिस ने फौरन बाइक व चरस को जब्त कर लिया। बाइक पर रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित नहीं था।

 पुलिस फरार हुए दोनों तस्करों की पहचान में जुटी हुई है। मामले की सूचना थानाध्यक्ष ने एसपी को दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वाहन जांच में सीओ बद्री ठाकुर, थानाध्यक्ष विवेक जायसवाल, हेमंत कुमार व पुलिस बल के जवान शामिल थे।