2020/10/21

मुजफ्फरपुर में देसी कट्टा व 550 ग्राम चरस के साथ तीन बदमाश को पकड़ा

BIHAR-MUZAFFARPUR-नगर थाना क्षेत्र के घिरनी पोखर सब्जी मंडी जुमा मस्जिद बाबा दूधनाथ के निकट पुलिस टीम ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। 

गिरफ्तार किए जाने वालों में मधुबनी के लहेरियागंज के मूल निवासी व वर्तमान में पुरानी बाजार सोनरपट्टी में किराये के मकान में रह रहे गोविंद प्रसाद, लकड़ीढ़ाही के मोहित कुमार व मनियारी थाना के बाघी गांव के मोती कुमार शामिल है।

 इसके पास से लोडेड दो देसी कट्टा, 550 ग्राम चरस, तीन मोबाइल एक स्कूटी, एक बाइक व तीन मोबाइल बरामद किया गया है। थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि तीनों सोनरपट्टी के पीएन मार्केट सोने-चांदी के एक बड़े कारोबारी को लूटने की साजिश रच रहे थे। 

इसकी रेकी पूरा करने के बाद एक सप्ताह के अंदर लूटने का प्लान था। सभी के घिरनी पोखर के निकट जमा होने की सूचना पर जब पुलिस टीम वहां गई तो जुमा मस्जिद दूधनाथ के निकट एक बाइक से दो व स्कूटी पर एक बदमाश आ रहा था। रुकने का इशारा करने पर तीनों भागने लगे। उनको खदेड़ कर पकड़ा गया।