दियारा इलाके से हथियार लेकर आने की मिली थी सूचना
मुफस्सिल थाना के सीताचरण घाट के पास छापेमारी कर 8 देसी पिस्तौल, एक मास्केट और 359 गोलियों को बरामद किया गया है। इसमें 7.65 एमएम की 270 गोलियां, .315 बोर की 10 गोलियां, 30 बोर की 65 गोलियां, 9 एमएम की 14 गोलियां शामिल हैं।
शुक्रवार को इसका खुलासा मुंगेर की एसपी लिपि सिंह ने किया। इनके अनुसार खगड़िया इलाके से भारी संख्या में गोलियां और मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दियारा इलाके से हथियार लेकर आने की जानकारी मिली थी। इसके बाद ही एक्शन शुरू हुआ।
स्पेशल टीम बनाकर की गई कार्रवाई
पुलिस ने स्पेशल टीम बनाकर कार्रवाई की है। दो हथियार तस्कर मो. रेहम उर्फ बिट्टू और मो. गुलफाम उर्फ क्रांति को गिरफ्तार किया गया है। रेहम सुजावलपुर का रहने वाला है, जबकि गुलफाम मिर्जापुर बरदह का रहने वाला है।
एसपी ने बताया कि रेहम गोलियों को खगड़िया से लाकर बेचा करता था, जबकि उसने अपने सहयोगी गुलफाम को दियारा से ही हथियार लाने के लिए भेजा था। साथ मिलने के बाद दोनों इन हथियारों को दूसरी जगह पर डंप कर चुनाव के बाद बेचने वाले थे।
पानी में फेंक दिया था हथियारों से भरा बैग
सीताचरण घाट पर पुलिस फोर्स को देख तस्करों ने हथियार से भरे बैग को पानी में फेंक दिया था, जिसे काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने बरामद कर लिया। वहीं, गोलियों से भरे पैकेट को झाड़ियों में भी फेंक दिया गया था। तीन घंटे तक चली कार्रवाई के बाद उसे बरामद किया गया।
एसपी ने मुंगेर के सभी थानेदारों को आर्म्स एक्ट के तहत बीते दो महीनों में दर्ज किए गए मामले में सात दिनों के अंदर चार्जशीट दाखिल करने का आदेश दिया है, ताकि स्पीडी ट्रायल कराकर तस्करों को जल्द से जल्द सजा दिलाई जा सके।