सवाई माधोपुर में नाबालिग से दुष्कर्म कराने के मामले में 21 दिन से फरार चल रही कांग्रेस सेवा दल की पूर्व जिलाध्यक्ष पूजा उर्फ पूनम चौधरी को पुलिस ने सूरवाल में पकड़ लिया। पूजा चौधरी भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष सुनीता वर्मा के साथ मिलकर बड़े स्तर पर सेक्स रैकेट चला रही थी।
नाबालिग की ओर से मुकदमा दर्ज कराये जाने के बाद भाजपा नेता सुनीता वर्मा व अन्य छह आरोपी पहले ही पकड़े जा चुके हैं। इस गैंग के जाल में पीड़िता के अनुसार लगभग 30-32 लड़कियां फंसी हुई थी। इन दोनों महिला नेताओं के संपर्क कई बड़े राजनीतिक नेताओं से बताए जाते हैं।
मामले की जांच क्राइम ब्रांच की स्पेशल टीम को सौंपी : नाबालिग देह शोषण मामले की जांच अब क्राइम ब्रांच की स्पेशल टीम करेगी। जांच के लिए क्राइम ब्रांच के एसपी अनिल कयाल के नेतृत्व में टीम सवाई माधोपुर पहुंच चुकी है। टीम का मामले की जांच कर रहे महिला प्रकोष्ठ के पुलिस उपाधीक्षक ओमप्रकाश सोलंकी भी हिस्सा होंगे।