2020/10/14

समस्तीपुर में लूट की साजिश करते पांच बदमाशों को पुलिस ने दबोचा, दो देसी पिस्टल बरामद

BIHAR-SAMASTIPUR-कल्याणपुर पुलिस ने सोमवार देर शाम लदौरा बांध पर लूट की साजिश रच रहे पांच बदमाशों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाशों के पास से दो देसी पिस्टल, गोली, चार मोबाइल व चार बाइक बरामद की गई है।

 गिरफ्तार बदमाशों की पहचान वीरेंद्र महतो का पुत्र बिट्टू कुमार, दिनेश महतो का पुत्र राकेश कुमार, लक्ष्मी महतो का पुत्र सोनू कुमार व अरुण महतो का पुत्र दीपक कुमार चारों श्री नाथपारण चकमहेसी थाना का रहने वाला है जबकि एक अन्य बदमाश कल्याणपुर थाने के वासुदेवपुर गांव का सुधांशु कुमार उर्फ विक्की के रूप में की गई है।

यह जानकारी देते हुए मुफस्सिल थाने पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में सदर डीएसपी प्रीतिश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों ने पूछताछ के दौरान स्वीकार किया है कि कुछ महीनों से सभी कल्याणपुर, चकमहेसी के अलावा पूसा थाना क्षेत्र में सक्रिय था।

 यह सभी सीएसपी संचालक व स्मॉल बैंकिंग समूह के एजेंट को टार्गेट करता था। डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों ने स्वीकार किया है कि इन लोगों ने गत 9 अक्टूबर को कल्याणपुर थाना क्षेत्र में सीएसपी संचालक से 1.90 लाख रुपए लूट लिया था।

गुप्त सूचना के आधार पर मिली पुलिस को सफलता

डीएसपी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लदौरा बांध पर कुछ बदमाश अपराध की साजिश रच रहा है । सूचना के आधार पर कल्याणपुर थानाध्यक्ष ब्रजकिशोर सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। 

पुलिस को देख बदमाश भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर पांच बदमाशों को पकड़ लिया। जबकि एक बदमाश भागने में सफल रहा। डीएसपी ने बताया कि फरार बदमाश की पहचान कर ली गई।

बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने के लिए कर रखा था काम का बंटवारा

डीएसपी ने बताया कि लूट को अंजाम देने के लिए बदमाशों ने आपस में काम का बटवारा कर रखा था। कारोबारी की रेकी कर कोई सूचना एकत्र करता था तो कोई सूचना के आधार पर लूट कांड अंजाम देता था।

 डीएसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान इस बात का खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार युवकों में से दीपक व राकेश सीएसपी संचालक व उसके एजेंट की रेकी करता था जबकि बिट्टू , विक्की व सोनू घटना को अंजाम देता था। डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों के पास से बरामद मोबाइल की तकनीकी टीम जांच कर रही है।