2020/10/18

मोकामा में बाहुबली अनंत सिंह के समर्थन में तेजस्वी ने की चुनावी सभा,नीतीश सरकार पर युवाओं से मुंह फेरने के आरोप लगाए

DESK-नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बाहुबली अनंत सिंह के समर्थन में मोकामा की सभा को संबोधित किया है। उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार गरीबी दूर नहीं कर पाई और न ही पलायन रोक पाई। 

मोकामा की जनता ने तय कर लिया है कि नीतीश सरकार की विदाई तय है। उन्होंने कहा कि नियोजित शिक्षकों को समान काम के बदले समान वेतन की उनकी वर्षों पुरानी मांग को हमारी सरकार बनने पर पूरा किया जाएगा।

लोगों से सवाल करते हुए तेजस्वी ने कहा कि आप चाहते हैं कि नहीं मोकामा में सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल बने। कहा कि नीतीश कुमार कहते हैं कि लालटेन का युग चला गया, लेकिन उनको समझ नहीं आता है कि तीर का जमाना चला गया है अब तो मिसाइल का जमाना है। सरकार ने तो तीर से गरीबों, नौजवानों को छलनी किया है। बेरोजगारी के अंधेरे को दूर करने के लिए लालटेन जरूरी है।


तेजस्वी ने कहा कि 40 लाख से ज्यादा लोगों से सरकार ने मुंह फेर लिया। नीतीश कुमार ने कह दिया कि जो जहां हैं वहीं रहिए। लोग 15 सौ दो हजार किमी पैदल चल कर आए। लोगों के पैर में छाले हो गए। बिहार में अब किसानों-नौजवानों ने मन बना लिया है कि इस बार डबल इंजन की सरकार को उखाड़ फेंकना है।

'हम जे कह रहल बानी ऊ पूरा करब, हमार डीएनए एकदम शुद्ध बा'

मोकामा की सभा के बाद जमुई विधानसभा में चुनाव प्रचार करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि हमार डीएनए शुद्ध बा, हम जे कह रहल बानी ऊ सब पूरा करब। तेजस्वी यादव यहां महागठबंधन के उम्मीदवार विजय प्रकाश के समर्थन में चुनावी सभा कर रहे थे। यहां से इंटरनेशनल शूटर श्रेयशी सिंह भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में है।

तेजस्वी ने सभा में कहा कि बिहार के इस सरकार की विदाई इस बार तय है। इस बार गरीबों-नौजवानों की सरकार बनेगी। कहा कि हम मुख्यमंत्री तभी बनेंगे जब डबल इंजन की सरकार को आप सभी अपने वोट से हटाएंगे। कहा कि कई पार्टी सब पगला गया है। भाजपा की बी टीम भी काम कर रही है। अब तीर का वार नौजवान बिहार में नहीं सहेंगे। गरीबी हटाइए और लालटेन का बटन दबाइए। अमन चैन चाहिए तो लालटेन का प्रकाश चाहिए।

एक बार हमें मौका दीजिए

शेखपुरा में चुनावी रैली के दौरान तेजस्वी यादव ने कहा कि कोरोना में आपदा विभाग ने क्या-क्या किया है, नीतीश कुमार इसका हिसाब दें। पूरा घोटाला हुआ है। उन्होंने लोगों से सवाल किया कि 15 साल से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं, कितने लोग यहां बेरोजगार हैं? महंगाई घटी? पलायन घटा? गरीबी घटी? फिर पांच साल उनको मौका मत दीजिए। 

तेजस्वी ने कहा कि एक बार पांच साल के लिए हमें मौका दीजिए। हम सरकार बनाएंगे तो नौकरी भी देंगे और आवेदन का पैसा भी नहीं लेंगे। आशा, जीविका, टोला सेवक सबको नियमित करेंगे। पैसा बढ़ाएंगे। वृद्धावस्था पेंशन 400 से एक हजार कर देंगे। उन्होंने कहा कि बिहार में घूसखोरी बढ़ गई है। अफसरशाही का राज है। उन्होंने विजय सम्राट को वोट देने की अपील की