2020/10/13

राजद ने जारी किया तेजस्वी तय है चुनावी गीत, रोसड़ा में आज सभा की नहीं मिली अनुमति

BIHAR-SAMASTIPUR-विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष व महागठबंधन के सीएम कैंडिडेट तेजस्वी यादव राजद के चुनावी अभियान की शुरुआत मंगलवार को रोसड़ा से करनेवाले थे। मगर प्रशासन से सभा की अनुमति नहीं मिली। अब तेजस्वी समस्तीपुर जिला में हसनपुर विधानसभा क्षेत्र से अपने बड़े भाई तेजप्रताप यादव के नामांकन कार्यक्रम में भाग लेने हेलीकॉप्‍टर से जाएंगे और नामांकन बाद लौट आएंगे। हेलीकॉप्‍टर उतारने की अनुमति मिल गई थी।


उधर, विधानसभा चुनाव को लेकर राजद ने सोमवार को अपने चुनावी कैंपेन के लिए दो वीडियो जारी किए। राजद कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह और सांसद मनोज झा ने वीडियो जारी करते हुए कहा कि इस बार बिहार में तेजस्वी की सरकार बनना तय है।

मनोज झा ने कहा कि पिछले 15 सालों में बिहार में सिर्फ बदहाली की तस्वीर है। लेकिन अबकी बदलाव की बयार बह रही है। जनता भी बदलाव चाहती है। चाहे वह शिक्षा हो या स्वास्थ्य, सभी क्षेत्रों में जनता इतनी ऊब गई है कि परिवर्तन तय है। तेजस्वी का आना भी तय है।

वीडियो में तेजस्वी भव: बिहार गाने के जरिए राज्य सरकार पर हमला बोला गया है। वीडियो में लॉकडाउन के दौरान बिहार के हालात को दिखाया गया है। कैसे लोग शहरों से गांवों की ओर बदहाल होकर लौटे। गाने के जरिए बिहार में घोटाले की बात कही गई है। अपराध और भ्रष्टाचार की तस्वीर दिखाते हुए राज्य सरकार को घेरने की कोशिश की गई है।