2020/10/18

सब्जियों और फलों को वायरस मुक्त करने को सिरके वाले पानी में भिगोकर धोएं

BIHAR-SAHARSA-कोरोना संक्रमण अभी समाप्त नहीं हुआ है. ऐसे में लोगों को इसके लिए अभी भी पूरी तरह सतर्क रहना जरूरी है. लोगों की सतर्कता से ही हम कोरोना को पूरी तरह हरा सकते हैं. लोग अपने घरों से सिर्फ जरूरी काम के लिए बाहर निकलते हैं। अपने घर के जरूरी सामान को हम एक साथ खरीद कर रख सकते हैं। लेकिन कुछ चीजें ऐसी हैं जिसके लिए लोग घर से बाहर कदम रखने को मजबूर हैं। जैसे कि सब्जी, दूध, दवाएं आदि को हर दूसरे-तीसरे दिन खरीदना पड़ता है।

सब्जियों को लंबे समय तक स्टोर करके नहीं रख सकते 
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डाक्टर कुमार विवेकानंद बताया कि सब्जियों को हम लंबे समय के लिए स्टोर करके नहीं रख सकते हैं। सब्जियों को लेने के लिए लोगों को घर से बार निकलना पड़ता है। ऐसे में बाहर निकलते समय लोग सरकार द्वारा दी गई  कोविड -19 के गाइडलाइन्स को फॉलो कर रहे हैं। मास्क पहनने से लेकर आपस में दो गज की दूरी बनाकर रखने जैसे जरूरी नियमों का पालन कर रहे हैं। लेकिन जो चीज सबको डरा रही है वो यह कि कहीं सब्जियों में कोरोना वायस हुआ तो ? लोगों के मन में एक ही सवाल है कि सब्जी के साथ ये खतरनाक वायरस उनके घर तो नहीं पहुंच जाएगा।

सब्जी और फल को लेकर सावधानी बरतें -
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डाक्टर कुमार विवेकानंद बताया कि लोगों के मन में यह भय होना लाजिमी है, क्योंकि कई लोग जो इस वायरस से संक्रमित हैं उनमें लक्षण देर से नजर आ रहे हैं। वहीं कई लोगों में तो इसके लक्षण नजर भी नहीं आ रहे हैं। हम सभी जानते हैं कि वायरस के संपर्क में आई सतहों और वस्तुओं से भी इसका संक्रमण फैल सकता है। वहीं कोरोना से संक्रमित किसी व्यक्ति से सामान खरीदते वक्त सामान के माध्यम से कोरोना वायरस आपके घर तक आ सकता है। ऐसे में फल और सब्जियों को लेकर लोगों के मन में डर है। बाहर से आया कोई भी सामान आपके लिए खतरा बन सकता है। जिस वजह से कुछ बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। 

सब्जियों को खरीदने समय कैसे सावधानी बरते :
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डाक्टर कुमार विवेकानंद ने कहा कि फलों और सब्जियों को लाते वक्त घर आकर सब्जियों और फलों को पैकेट से बाहर निकालने से पहले हाथों को हैंडवॉश से अच्छे से साफ करना चाहिए। इसके बाद सामान को बाहर निकालकर पैकेट को डस्टबिन में डिस्पोज कर दें।

सब्जियों की सफाई जरूरी :
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डाक्टर कुमार विवेकानंद ने सब्जियों और फलों को वायरस से मुक्त करने के लिए उन्हें 5 से 10 मिनट तक सिरके वाले पानी में भिगोकर और उसके बाद अच्छी तरह से धोने की सलाह दी है।

सब्जियों और फलों को साफ करते वक्त इन बातों का रखें ध्यान:
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डाक्टर कुमार विवेकानंद  ने कहा कि हम सभी अच्छे से वाकिफ हैं कि सब्जियों और फलों को हमेशा काटने से पहले धोना  चाहिए  ।
सब्जियों और फलों को चलते हुए नल के नीचे एक-एक कर रगड़ कर धोएं।
अगर आपके पास पानी की कमी है या बहुत कम पानी में फलों और सब्जियों को धोना चाहते हैं, तो एक आसान सा तरीका यह है कि आप एक बड़े कटोरे में पानी लें और उसमें एक चम्मच नमक मिलाएं। अब फलों और सब्जियों को इसमें डुबोकर अच्छी तरह साफ कर लें।
जिन फलों सब्जियों का सेवन छिलका निकालकर किया जाता है, उन्हें भी पानी में छिलके सहित अच्छे से धोकर ही छीलना या काटना चाहिए।
आलू, शलजम, गाजर आदि सब्जियों को गुनगुने पानी से धोएं तथा इन्हें आप 5 से 10 सेकेंड के लिए तथा साफ करके किसी साफ कपड़े से पोंछ सकते हैं।
छिलका सहित खाए जाने वाले फलों को कम से कम एक घंटे तक पानी में भिगोकर रखें।

कोरोना काल में  इन उचित व्यवहारों का करें पालन 
- एल्कोहल आधारित सैनिटाइजर का प्रयोग करें।
- सार्वजनिक जगहों पर हमेशा फेस कवर या मास्क पहनें।
- अपने हाथ को साबुन व पानी से लगातार धोएं।
- आंख, नाक और मुंह को छूने से बचें।
- छींकते या खांसते वक्त मुंह को रूमाल से ढकें।