रोंगटे खड़े कर देने वाली यह घटना रीवा जिले के अतरैला थाना क्षेत्र की है. 14 वर्षीय किशोरी के साथ 7 अक्टूबर को यह घटना हुई. घटना के समय परिजन रिश्तेदारी में गए थे और बड़ी बहन बकरियां चराने गई थी. शाम करीब 4 बजे गांव का ही एक 15 वर्षीय नाबालिग घर में घुस आया और पीड़िता को अकेला पाकर उसके साथ दरिंदगी की.
इससे आहत किशोरी ने लड़के के सामने ही अपने ऊपर केरोसिन डाला और आग लगा ली. उसका पूरा शरीर आग से धू-धू कर जलने लगा. यह देखकर लड़के के होश उड़ गए. उसने घर में ही मौजूद गद्दे से किसी तरह आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसका पूरा शरीर झुलस चुका था.
यह देखकर लड़का मौके से फरार हो गया और पीड़िता जली अवस्था में घर के अंदर ही पड़ी रही. शाम को जब परिजन वापस आए तब उन्हें घटना की जानकारी हुई. वे तत्काल पीड़िता को उपचार के लिए जवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए.
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार के समक्ष बयान दर्ज कराया और आरोपी को पकड़ लिया गया है. घटना के संबंध में बारीकी से पूछताछ की जा रही है. पुलिस इस पूरे मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़ रही है. साथ ही दुष्कर्म की पुष्टि के लिए मेडिकल रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है.