2020/10/02

समस्तीपुर-प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड में शातिर अपराधी चंद्रशेखर उर्फ बाबा को पुलिस ने पकड़ा

BIHAR-SAMASTIPUR-प्रॉपर्टी डीलर रिंकू चौधरी हत्याकांड में पुलिस की टीम ने गुरुवार तड़के मुफस्सिल थाने के भमरुपुर गांव में छापेमारी कर शातिर चंद्रशेखर दास उर्फ बाबाजी को दबोच लिया। 

बाबा जी रिंकू हत्याकांड में नामजद आरोपी है। डीएसपी प्रीतिश कुमार ने कहा कि रिंकू की मां ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि बाबाजी उसके पुत्र पर गोली चला रहा था। यह मुख्य गोली चलाने वालों में से एक है। 

डीएसपी ने कहा कि गिरफ्तार आरोपी से पुलिस की टीम पूछताछ कर रही है। पूछताछ से इस कांड पर से पर्दा हटने की संभावना है। उधर, चर्चा है कि हत्याकांड में पुलिस ने कुछ और लोगों को भी हिरासत में लिया है जिससे पूछताछ की जा रही है। 

हालांकि इसकी अधिकारिक तौर पर पुष्टी नहीं की गई है। सदर डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार चंद्रशेखर दास शातिर बदमाश है। इस बदमाश पर मुसरीघरारी थाने में लूट व हथियार बरामदगी के दो मामले दर्ज हैं। 

जबकि मुफस्सिल थाने में डकैती, जानलेवा हमला के पांच मामले दर्ज हैं। इसके अलावा पटना जिले के विभिन्न थानों में भी लूट, डकैती व हत्या के आधा दर्जन मामला दर्ज है।


रिंकु चौधरी हत्याकांड में उसकी मां सिपाही सुबोध चौधरी के बयान पर नगर थाने में चंद्रशेखर दास उर्फ बाबाजी समेत नौ लोगों को आरोपित किया गया है। घटना के मूल में जमीन का विवाद बताया गया है। इस मामले में मोहनपुर क्षेत्र के भू माफियों एक गुट को आरोपित किया गया है। 


घटना का तत्कालीन का कारण मोहनपुर का एक सात कठ्‌ठा का प्लॉट बताया गया है। जिसकी कीमत दो करोड़ से अधिक है। इसके अलावा भी कई जमीनों की खरीद बिक्री को लेकर विवाद बताया जा रहा है।