2020/10/11

बेगूसराय में लखमिनिया स्टेशन पर बैग में कपड़ों के बीच मिले 8 पिस्टल,16 मैगजीन और 1 लाख रुपये

BIHAR-BEGUSARAI-बेगूसराय के लखमिनिया स्टेशन पर पुलिस ने रविवार को तीन तस्करों से 8 पिस्टल,16 मैगजीन और 1 लाख रुपये जब्त किए। तस्करों की पिस्टल डिलेवरी की योजना की सूचना एसटीएफ को लग गई थी, जिसके बाद उन्होंने तस्करों का पीछा कर गिरफ्तार किया। 

जैसे ही तस्कर लखमिनिया स्टेशन पहुंचे, पुलिस ने इन्हें दबोच लिया। तस्कर बैग के अंदर कपड़े में हथियार छुपाकर ले जा रहे थे। तस्करों की पहचान मुंगेर निवासी मो.मुकीम, सीवान के कमल शर्मा और सीवान के रमेश मांझी के रूप में की गई है।

तस्करों का पीछा कर रही थी एसटीएफ की टीम
एसटीएफ को तस्करों की भनक लग गई थी। पूर्व सूचना के आधार पर पिस्टल डिलेवरी करने वालों के पीछे टीम लग गई थी। जैसे ही वे बेगूसराय के बलिया थाना क्षेत्र स्थित लखमिनिया स्टेशन पहुंचे, उन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। चुनाव के कारण सूबे में तस्कर सक्रिय हो गए हैं। एक महीने से लगातार एसटीएफ तस्करों को पकड़ रही है। अब तक 20 से अधिक हथियार बरामद किए हैं।

बैग में कपड़ों के बीच छुपाए थे हथियार
तस्करों ने हथियार को बैग में कपड़ों के बीच छुपाकर रखा था। कपड़ों के ढेर में हथियार ढूंढ़ने में पुलिस को काफी समय लग गया। सूत्रों के अनुसार तस्कर पिस्टल डिलेवरी के पुराने खिलाड़ी हैं। उन्होंने अंत-अंत तक अपना मुंह नहीं खोला। पुलिस इनकी हिस्ट्री खंगालने में जुटी है ताकि इनकी पूरी योजना सामने आ सके।

पूछताछ में खुलासा हुआ है कि बरामद हुए 1 लाख 9 हजार रुपए इन्हें हथियार के बदले मिले थे। 8 पिस्टल 7.65 एमएम के हैं जबकि 16 मैगजीन भी इसके साथ बरामद की गई है। एसटीएफ ने तस्करों को बलिया पुलिस के हवाले कर दिया है।