2020/10/21

बिहार से बड़ी खबर-3.14 लाख रुपये घूस लेते मुखिया गिरफ्तार, निगरानी की टीम ने की पिटाई

BIHAR-SITAMARHI-निगरानी विभाग की टीम ने मंगलवार को परसौनी के मदनपुर पंचायत के मुखिया व पंचायत सचिव लालबाबू पासवान को रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। मुखिया को परसौनी थाना के रीगा मोड़ से गिरफ्तार किया गया है। जबकि पंचायत सचिव को पुनौरा धाम परिसर से गिरफ्तार किया गया। 

मुखिया के पास से रिश्वत के दो लाख एवं पंचायत सचिव के पास से रिश्वत के 1 लाख 14 हजार रुपए बरामद किया गया है।

 मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत मदनपुर पंचायत के वार्ड 1 में नल जल याेजना व पीसीसी के निर्माण काे लेकर काम कराया गया था।

 उपमुखिया कपिलेश्वर प्रसाद यादव ने बताया कि नल जल योजना के लिए 14 लाख व पीसीसी के लिए 8 लाख का आवंटन था।

खाते में पैसे भेजने के लिए मुखिया लालबाबू पासवान व पंचायत सचिव लालबाबू पासवान कमीशन की मांग कर रहे थे। इसके लिए मुखिया ने 2 लाख व पंचायत सचिव 1.14 लाख की मांग की। दोनों के तगादा से तंग आकर एक माह पूर्व निगरानी में आवेदन दिया था।

पुनौरा परिसर में पंचायत सचिव ने रिश्वत के रुपए लेने के लिए बुलाया था। इसी बीच निगरानी की टीम ने रुपए के साथ उसे पकड़ लिया। परसौनी के रीगा मोड़ पर मुखिया रुपए के लेने के इंतजार कर रहे थे।

 वहां पहले से निगरानी की टीम सक्रिय थी। रीगा मोड़ पर रुपए के साथ मुखिया को गिरफ्तार कर लिया गया। टीम में एसके महुआर, मणिकांत सिंह, संजय चतुर्वेदी, शशिकांत, संजीव कुमार आदि थे।