बुधवार को वैशाली जिले की सीमा पर स्थित लखमीनिया पुल के निकट से दोनों को बरामद की गई। गुनाई बसही पंचायत निवासी राजेश कापर द्वारा मछली मारने के दौरान लखमीनिया पुल के निकट जलकुंभी में फंसी लाश को देखकर इसकी जानकारी चकपहार के ग्रामीणों को दी।
जलकुंभी में फंसी एक लाश को देखने के बाद आधे घंटे तक ढूंढने के बाद मात्र बीस गज दूर दूसरी लाश भी जलकुंभी में फंसी हुई मिली। ताजपुर एएसआई अलख नारायण तिवारी ने एसडीआरएफ की टीम के साथ पहुंचकर दोनों लाशों को बरामद कर लिया।
बता दें कि पहले बारह वर्षीया तबस्सुम की लाश मिली। जिसकी पहचान मुजफ्फरपुर जिला के बाजी बुजुर्ग निवासी मोहम्मद कलाम की पुत्री के रूप में की गई है।
उसके नाना मोहम्मद कासिम एवं नानी शकीला खातून ने अपनी नतिनी की पहचान की। जबकि दूसरी चकपहार निवासी मोहम्मद अली की चौदह वर्षीया पुत्री सहाना खातून के रूप में की गई। मृतका सहाना का शव देखते ही माता निशा खातून, बहन जहाना खातून एवं भाई मोहम्मद अरबाज तथा पिता मोहम्मद अली, छाती पीटकर रोने लगे।
बता दें कि पिछले दो दिनों से चकपहार के दर्जनों तैराक तथा पटना एवं समस्तीपुर से पहुंची एसडीआरएफ की टीम दोनों किशोरी के शव को खोजने में जुटी हुई थी। ग्रामीणों एवं खोजी टीम द्वारा चकपहार पंचायत से लेकर वरुणा पुल तक नदी की तेज धारा में लाश को खोजने का प्रयास किया जा रहा था।
जबकि नदी में बांध नहीं होने के कारण पानी के तेज प्रवाह में बहकर दोनों लाशें चकपहार से दस किलोमीटर दूर वैशाली जिले की सीमा के निकट लखमीनिया पुल के निकट जा पहुंची थी।
पुलिस ने दोनों शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बता दें कि स्नान करने के क्रम में गहरे पानी में चले जाने के कारण दोनों सहेली की मौत डूबने से हो गई है। सीओ प्रीति लता ने घाटों का किया निरीक्षण।
चकहार पंचायत की दो छात्राओं के नदी में डूबकर मौत होने की सूचना पर पहुंची सीओ प्रीति लता में नून नदी के खतरनाक घाटों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही सीओ ने घाट के किनारे गहरे जल तक बांस-बल्ला लगाकर सुरक्षा का निर्देश दिया। वहीं ग्रामीणों को गहरे जल में नहीं जाने के लिए आगाह किया। मौके पर मुखिया प्रतिनिधि प्रवीण कुमार राय, धर्मेंद्र कुमार, दीपक शर्मा सहित गणमान्य ग्रामीण मौजूद थे।
शोकाकुल परिजनों से मिले विधायक-विधायक विद्यासागर सिंह निषाद ने शोकाकुल परिजनों से मिलकर शोक संवेदना प्रकट करते हुए अपेक्षित हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। मौके पर पूर्व मुखिया रामानंद राय, प्रवीण कुमार राय, सत्यनारायण आजाद, अजय कुमार राय, अरविद कुमार राय, जगत नारायण राय, चौधरी सहनी, संजय सहनी सहित गणमान्य ग्रामीण मौजूद थे.