2020/10/08

लगातार दूसरे दिन बढ़े कोरोना केस, 24 घंटे में मिले 78,524 नए मरीज,कुल संख्या 68 लाख के पार

DESK-DELHI-सात दिनों तक कोरोना केसों में कमी के बाद एक बार फिर कोरोना केसों में कुछ तेजी दिख रही है। लगातार दूसरे दिन कोरोना के नए मरीजों में इजाफा हुआ है। बीते 24 घंटों में देश में 78,524 संक्रमित मरीज मिले हैं और इसके बाद इनकी कुल संख्या 68 लाख के पार चली गई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से गुरुवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, 24 घंटे में देश में कोरोना की वजह से 971 लोगों की जान चली गई और अब तक कुल 1,05,526 लोग इस वायरस की चपेट में आकर जान गंवा चुके हैं। हालांकि, एक्टिव केसों में लगातार कमी का रुख जारी है। अब देश में कुल 9 लाख 02 हजार 425 एक्टिव केस हैं। अब तक कुल 58,27,705 लोग ठीक हो चुके हैं। 

इससे पहले 7 अक्टूबर को देशभर में 72,049 केस सामने आए थे तो 6 अक्टूबर को 61 हजार नए मरीज मिले थे। उससे पहले लगातार सात दिनों तक कोरोना केसों में कमी देखने को मिली।