DESK-UP- योगी सरकार ने लगातार चौथे दिन राज्य में प्रशासनिक फेरबदल किया। शनिवार देर रात जहां योगी सरकार ने छह आईएएस अफसरों का ट्रांसफर किया वहीं, रविवार देर रात 10 आईपीएस अफसरों का तबादला कर दिया।
इसमें सात जिलों बरेली, जौनपुर, गोंडा, महराजगंज, श्रावस्ती, मऊ व कासगंज के पुलिस कप्तान भी बदले गए हैं। हाल ही में मऊ के एसपी बनाए गए मनोज कुमार सोनकर को अब कासगंज का एसपी बना दिया गया है।
इससे पहले योगी सरकार ने शनिवार देर रात छह आईएएस अफसरों को ट्रांसफर कर दिया था। इसमें से अमित कुमार सिंह विशेष सचिव सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम अब जिलाधिकारी कौशांबी पर तैनात किया। मनीष वर्मा जिलाधिकारी कौशांबी से विशेष सचिव बेसिक शिक्षा भेजे गए।
आनंद कुमार सिंह विशेष सचिव बेसिक शिक्षा से जिलाधिकारी बांदा के पद पर तैनात किए गए। अमित सिंह बंसल जिलाधिकारी बांदा से जिलाधिकारी मऊ बनाए गए।
शुक्रवार को मऊ के डीएम बनाए गए राजेश पांडे का तबादला निरस्त कर उन्हें कल प्रतीक्षा में डाल दिया गया था। वहीं, नेहा शर्मा विशेष सचिव पिछड़ा वर्ग से एसीईओ नोएडा के पद पर तैनात की गई हैं।