2020/09/23

समस्तीपुर में सड़क हादसा,वाहन चेकिंग के दौरान बाइक सवार ने सैप जवान को मारा धक्का, मौत

BIHAR-SAMASTIPUR-दलसिंहसराय थाना में प्रतिनियुक्त सैप जवान बेगूसराय के चौड़ाही बखड़ा गांव निवासी बलराम यादव (55 वर्ष) की मौत ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे जख्मी होने के बाद इलाज के दौरान मंगलवार को हो गई। 

जानकारी के अनुसार सोमवार की रात दारोगा महानंद सोरेन, सैप जवान दिलीप कुमार सिंह, बलराम यादव के साथ 9 बजे रात पीपरपांती चौक से मऊ बाजार जाने वाली सड़क पर मधैपुर स्थित बंद चिमनी के समीप सड़क पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। 

इसी दौरान मऊ बाजार की ओर से एक बाइक पर दो व्यक्ति तेजी व लापरवाही के साथ चलाते हुए बलराम यादव को धक्का मार दिया। वहीं घटना के बाद बाइक पर सवार दोनों व्यक्ति भी गिरकर जख्मी हो गया। 

जख्मी बाइक सवार की पहचान मधैपुर गांव निवासी राजकुमार राय के पुत्र राजू कुमार (30 वर्ष) व वृद्ध की पहचान उसी गांव के वासुदेव राय के रूप में कई गई है।

घटना के बाद सैप जवान सहित दोनों बाइक सवार को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में मौजूद चिकित्सक ने सैप जवान सहित दोनों बाइक सवार को प्राथमिक उपचार करने के बाद नाजुक स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया। वहां बेगूसराय में इलाज के दौरान सैप जवान की मौत हो गई। वहीं बाइक सवार वृद्ध की स्थिति भी नाजुक बताई जा रही है।