BIHAR-लालू-राबड़ी के बड़े पुत्र तेज प्रताप यादव ने हसनपुर से चुनाव लड़ने की ठानी है। वहां से पत्नी ऐश्वर्या राय के चुनाव लड़ने की संभावनाओं के बाद तेज प्रताप यादव ने क्षेत्र में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। खबर थी कि तेज प्रताप यादव को डर है कि कहीं पत्नी चुनाव में उन्हें हरा ना दें।
इसी डर में तेज प्रताप आगामी विधान सभा चुनाव में एमएलए का सेहरा हर हाल में अपने सिर बांधने की ठानी है। इसके साथ ही वे जीत की तैयारी में तन-मन-धन से जुट गए हैं। मंगलवार को भी वे हसनपुर क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान पर निकले। दौरे पर निकलने से पहले उन्होंने मां राबड़ी के सरकारी आवास पर पहुंचकर आशीर्वाद लिया।
अपने जनसंपर्क की पल-पल की कहानी वीडियो के रुप में वे अपने ट्विटर हैंडल पर भी शेयर करते रहें। हसनपुर में अपने दौरे से संबंधित उन्होंने एक के बाद एक कई ट्वीट किए। एक दिन पहले ही उन्होंने हसनपुर के बिथान प्रखंड में ' तेज संवाद' कार्यक्रम की जानकारी दी। साथ ही लोगों को कार्यक्रम में भाग लेने को भी आमंत्रित किया।
एक दिन पहले ही तेज प्रताप यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नाम लिए बगैर ट्वीट किया कि चाचाजी से विनम्र निवेदन है कि गलती से भी आप अपने टीवी पर न्यूज चैनल (एक न्यूज चैनल का नाम लेते हुए) मत देखिएगा।
अन्यथा जनसमर्थन का लाइव टेलीकास्ट देखकर अंतरात्मा को गहरी चोट आने की संभावना है। इसके बाद हसनपुर के लिए निकलते हुए, लोगों द्वारा स्वागत की कई तस्वीरें ट्विटर पर पोस्ट की। हसनपुर पहुंचकर उन्होंने ट्वीट किया कि कर्पूरी ठाकुर की क्रांतिकारी धरती को कोटि-कोटि प्रणाम।
इस बीच अपने वर्तमान क्षेत्र महुआ की जनता को आज 22 सितंबर (मंगलवार) को मेडिकल कॉलेज के शिलान्यास के लिए बधाई देना नहीं भूले। कहा कि अपने क्षेत्र की जनता से वादा किया था।
स्वास्थ्य मंत्री के पद पर रहते हुए बिहार को महुआ सहित पांच मेडिकल कॉलेज दिया। आज उसका शिलान्यास हुआ। बता दें कि मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वास्थ्य विभाग सहित सात विभागों के 200 योजनाओं का शिलान्यास व उद्धाटन किया है।
बता दें कि तेज प्रताप यादव का पत्नी ऐश्वर्या राय से तलाक का प्रकरण अदालत में लंबित है। ऐश्वर्या के महुआ से चुनाव लड़ने की सुगबुगाहट के बीच उन्होंने हसनपुर से चुनाव लड़ने का ऐलान किया। हालांकि, श्वसुर चंद्रिका राय ने ऐश्वर्या के यहां से भी चुनाव लड़ने की संभावना जताई है।