2020/09/23

रिटायर्ड डीएसपी के घर से पिस्टल व राइफल की चोरी, कैश और महंगे सामान को छोड़ा

BIHAR-PATNA-राजीव नगर थाना इलाके का है। राजीव नगर रोड नंबर 14 में रहने वाले रिटायर्ड डीएसपी अशोक कुमार झा के यहां शातिरों ने चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया। रिटायर्ड डीएसपी के यहां से शातिरों ने एक लाइसेंसी पिस्टल, एक बंदूक और कुछ ज्वेलरी की चोरी कर ली।

रिटायर्ड डीएसपी पिछले छह महीने से अपने बेटे के यहां अहमदाबाद में हैं। घटना की जानकारी मंगलवार को जैसे ही पुलिस को लगी हड़कंप मच गया। 

आनन-फानन में पटना पुलिस के वरीय अधिकारी और राजीव नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। एएसपी विधि व्यवस्था स्वर्ण प्रभात सहित अन्य पदाधिकारी मौके पर पहुंचे।

 घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड और एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। थानेदार निशांत सिंह ने कहा कि पीड़ित पक्ष यहां नहीं हैं। उनके आने पर विस्तृत जानकारी मिलेगी।

शातिरों के निशाने पर सिर्फ रिटायर्ड डीएसपी के हथियार थे। पुलिस की छानबीन में पता चला कि उनके घर में कई महंगी घड़ी, महंगे कपड़े, कुछ आर्टिफिशियल ज्वेलरी, लगभग 45 हजार कैश सहित कई अन्य सामान भी रखे थे, लेकिन शातिरों ने इन समान को छोड़ दिया और घर से पिस्टल व बंदूक लेकर फरार हो गए। आशंका है कि कुछ ज्वेलरी चोरी हुई है।


पीछे के रास्ते घुसा और लाइट बंद कर किया चोरी : पुलिस घटनास्थल के आसपास का सीसीटीवी खंगाल रही है। अबतक की जांच में रोड नंबर 14 में लगे सीसीटीवी कैमरे में सोमवार की रात में कोई संदिग्ध नहीं दिख रहा है। 

पुलिस को आशंका है कि घटना एक दो दिन पहले की है। जांच में पता चला कि शातिर घर में पीछे से घुसे थे। मेन गेट का लॉक तोड़ा, घर की बिजली काट दी और चोरी कर ली।


रिटायर्ड डीएसपी अशोक झा पटना में मोकामा और पालीगंज में थानेदार रह चुके हैं। उनके एक दामाद बस्तर में एसपी हैं और दूसरे गुजरात में आईजी हेडक्वार्टर। अशोक ने कहा कि वे लॉकडाउन के से पहले बेटे के पास अहमदाबाद आए थे। वहीं हैं। बुधवार की शाम पटना लौटेंगे। पिस्टल मेड इन इंग्लैंड और बंदूक मेड इन बेल्जियम था।