बिहार प्रांत के सीवान जिले के मैरवा थाना क्षेत्र के धमऊर गांव के रहने वाले कन्हैया साहनी (22 ) पुत्र केदार साहनी सूरत में मजदूरी करता था । लॉकडाउन में वह वापस गांव आया था । 21 सितम्बर को वह सूरत जाने वाला था।
उसकी शादी गुठनी थाना क्षेत्र के एक गांव में तय हुई थी। उसकी होने वाली पत्नी अपने मामा के घर लार थाना क्षेत्र के पिंडी आई हुई थी। उसी गांव में कन्हैया के फूफा राम लखन साहनी का भी घर है। वह फुआ से मिलने का बहाना लेकर पिण्डी गांव में रविवार की सुबह पहुंचा। रात में भोजन करने के बाद सभी लोग सोने चले गए।
इस बीच युवक के मोबाइल पर फोन आया और वह कुछ देर में आने की बात कहकर वहां चला गया। वह अपनी होने वाली पत्नी से मुलाकात करने घर के उत्तर तरफ खंडहर में गया था।
सोमवार की सुबह लोगों ने जंगले में दुपट्टे के सहारे अर्धनग्न लटके हुए उसका शव देखा। युवक का पैर जमीन से सटा था। घटना की जानकारी मिलते ही युवक के रिश्तेदार और परिजन मौके पर पहुंचे।
परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। युवक के फूफेरे भाई परमहंस साहनी ने कन्हैया की हत्या कर शव टांगने का आरोप लगाया है। कन्हैया का कपड़ा कुछ दूरी पर रखा हुआ था।
युवक दुप्पटा के सहारे फांसी लगाया है सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानेदार चन्द्रभान सिंह ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।