मृतक की पहचान हरैया गांव का अटल रविदास के रूप में हुई है। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस पर हमला कर दिया। इस दौरान अस्पताल परिसर में दौड़ा-दौड़ाकर जवानों को पीटा गया। इससे काफी देर तक हंगामा मचा रहा। इस बीच किसी ने घटना का वीडियो बनाकर इंटरनेट पर वायरल कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार थाने के सामने बाराचट्टी पुलिस टीम के द्वारा वाहन जांच की जा रही थी। इसी बीच वहां से गुजर रहे हरैया गांव के अटल रविदास को पुलिस ने रोकना चाहा। जांच कर रहे पुलिस के जवान एवं पदाधिकारियों ने उसे डंडे दिखाया तो वे दूसरी तरफ मुड़ गया। इसी दौरान युवक संतुलन खो बैठा और पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गया।
यह देख वहां मौजूद हरिया गांव के ग्रामीण आक्रोशित हो गए और पुलिस से खींचतान करने लगे। कुछ ही देर में मारपीट होने लगी। ग्रामीणों ने पुलिस को दौड़ा-दौड़ाकर अस्पताल परिसर में पीटा। उसके बाद थाने में भी लगे वाहनों में तोड़फोड़ की। इधर, युवक की मौत के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोग रो-रोकर बेसुध हो जा रहे हैं।