2020/09/13

समस्तीपुर में तीन साल से बंद रामेश्वर जूट मिल में आज बजेगा सायरन, शुरू होगा उत्पादन

BIHAR-SAMASTIPUR जिले में तीन साल से बंद पड़े रामेश्वर जूट मिल में एक बार फिर रविवार से सायरन बजना शुरू हो जाएगा. मिल में उत्पादन शुरू होने से यहां कार्यरत 4 हजार मजदूरों और उनके परिवार के सदस्यों के बीच खुशी का माहौल देखा जा रहा है.

 जूट मिल का पुनः शुभारंभ दिन के तीन बजे सायरन/हूटर बजा कर उद्योग मंत्री महेश्वर हजारी करेंगे. वहीं मंत्री और अधिकारी शुभारंभ के बाद मिल के वर्क स्टेशन और अन्य विभागों का निरीक्षण भी करेंगे.

जूट मिल की उत्पाद क्षमता 70 टन प्रतिदिन है. बता दें कि जिला के कल्याणपुर प्रखंड के भागीरथपुर पंचायत स्थित रामेश्वर जूट मिल बीते 3 वर्ष से बंद पड़ा था. 

इसके बंद होने के कारण वहां काम करने वाले कामगारों के सामने बेरोजगारी की समस्या उत्पन्न हो गई थी. मिल के चालू होने की खबर से मजदूरों में खुशी है.

जूट मिल में काम करने वाले मजदूर और उनके परिवार वालों का कहना है यह मिल 6 जुलाई 2017 को मिल प्रबंधन के द्वारा बंद कर दिया गया था. तब से लेकर अब तक यहां काम करने वाले मजदूर बेरोजगार हैं. 

मालूम हो कि 3 वर्षो से बंद पड़े इस मिल को चालू करने को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधि से लेकर मिल मजदूर लगातार आंदोलन भी कर रहे थे. लेकिन अब फिर से मिल को चालू किया जा रहा है. मिल में प्रोडक्शन का काम शुरू हो जाएगा.