2020/09/14

समस्तीपुर में भारत का संविधान लेकर दूल्हा-दुल्हन ने लिए सात फेरे,विवाहित दूल्हा दुल्हन को किया सम्मानित

BIHAR-SAMASTIPUR-मोरवा प्रखंड के सारंगपुर पश्चिमी पंचायत अंतर्गत विक्रमपुर गांव में एक शादी में वैदिक मंत्रोच्चार की जगह भारत के संविधान की जगह प्रस्तावना गंूजी। वहीं दूल्हा व दुल्हन ने भारत का संविधान लेकर सात फेरे लगा एक-दूसरे का आजीवन साथ निभाने की कसम खायी।

 विक्रमपुर गांव में भीम आर्मी के अध्यक्ष एवं संयोजक ने संविधान के द्वारा लड़का लड़की का विवाह संपन्न कराया। स्थानीय स्वर्गीय राम शगुन राम एवं चिंता देवी की बेटी रवीना कुमारी का विवाह सरायरंजन थाना अंतर्गत मूसापुर गांव निवासी वशिष्ठ राम के पुत्र राजू कुमार राम के साथ धार्मिक रीत के बजाय संविधान के द्वारा कराया गया। भीम आर्मी के अध्यक्ष कमल पासवान एवं संयोजक मनोज कुमार राम ने संविधान की प्रस्तावना को वैवाहिक मंत्र के रूप में प्रयोग करते हुए विवाह संपन्न कराया।

संविधान निर्माता बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर का सपना साकार हुआ है भारतीय संविधान के द्वारा संपन्न हुए विवाह से। उक्त बातें कहीं जन अधिकार पार्टी के प्रधान महासचिव एवं राष्ट्रपति पुरस्कार विजेता अवकाश प्राप्त शिक्षक सूर्य नारायण सहनी ने दूल्हा दुल्हन के सम्मान के लिए आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए। 

श्री सहनी ने स्पष्ट किया कि भारत का संविधान सारे देश के लिए वेद के समान पवित्र सद ग्रंथ है। वेद के समान पवित्र भारत के संविधान की प्रस्तावना के द्वारा संपन्न किए गए विवाह से डॉक्टर भीमराव अंबेडकर , संत रविदास एवं भगवान बुद्ध का  सपना  पूर्णतया साकार हो उठा है। 

श्रीसहनी ने संविधान की प्रस्तावना को मंत्र बनाकर संपन्न कराए गए विवाह की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक उत्तम आदर्श बताया। 

प्रधान महासचिव के द्वारा दूल्हा राजू कुमार एवं दुल्हन रवीना कुमारी को चादर , माला , पाग एवं नगद राशि का पुरस्कार देकर सम्मानित किया। 

मौके पर चिंता देवी, भीम आर्मी के प्रखंड अध्यक्ष कमल पासवान, संयोजक मनोज कुमार राम, विकास मित्र सुखलाल राम, राम चंद्र राम, जाप के प्रखंड अध्यक्ष लालबाबू पासवान, विनोद कुमार राय, मनीष कुमार, बबलू कुमार पासवान, जगजीत राम, रोबिन कुमार,सुमंत कुमार राम, अभिषेक कुमार राम, गणेशी राम, कृष्णा राम सहित सैकड़ों पुरुष महिलाएं मौजूद थी।

रिपोर्ट-दीपक कुमार शर्मा