2020/09/10

दरभंगा से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के लिए हवाई सेवा शीघ्र, टर्मिनल निर्माण का काम अंतिम चरण में

BIHAR-DARBHANGA-दरभंगा स्थित हवाई अड्डे (विद्यापति टर्मिनल) से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के लिए हवाई सेवा इस साल के अंत शुरू हो सकती है।

 यहां हवाई अड्डे पर रनवे और अस्थाई टर्मिनल भवन का निर्माण कार्य अंतिम दौर में है। साल के अंत तक सभी काम पूरे कर लिए जाएंगे। 

 भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की सूचना के मुताबिक, 31 दिसंबर 2020 तक हवाई अड्डे का काम पूरा कर लिया जाएगा। इस बीच खबर है कि 12 सितंबर 2020 को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप ङ्क्षसह पुरी दरभंगा आएंगे। वे यहां चल रहे कार्यों का जायजा लेंगे। इससे हवाई सेवा जल्द शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है। 

विद्यापति टर्मिनल के निर्माण के लिए 81.54 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। भारतीय वायु सेना ने पांच साल के लिए लीज पर करीब तीन एकड़ जमीन भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को सौंपा है। इस पर अस्थाई टर्मिनल, पार्किंग, लिंक रोड के अलावा 9000 मीटर लंबे रनवे का काम चल रहा है। 

1400 वर्गफीट में अस्थाई टर्मिनल भवन का निर्माण कार्य अंतिम दौर में है। यहां छह चेक-इन काउंटर बनाए गए हैं। एक साथ सौ यात्रियों को सुविधाएं दी जा सकेंगी।