2020/09/10

पीएम मोदी बिहार को आत्‍मनिर्भर बनाने को आज देंगे 294 करोड़ की सौगात, 23 तक चलेगा सिलसिला

BIHAR-विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार से बिहार को विभिन्न योजनाओं की सौगात देने का सिलसिला शुरू करेंगे। पहले दिन आत्मनिर्भर बिहार अभियान के तहत करीब 295 करोड़ रुपये की मत्स्य, पशुपालन व कृषि से संबंधित परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। बीच में दिनों के अंतराल के साथ सौगातों का सिलसिला 10 से शुरू होकर 23 सितंबर तक चलेगा।

गुरुवार का समारोह वर्चुअल होगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी और कृषि मंत्री प्रेम कुमार के अलावा केंद्र और राज्य सरकार के मंत्री भी जुड़ेंगे। वहीं, कार्यक्रम स्थल पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की भी मौजूदगी रहेगी।

 केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद पटना में और गिरिराज सिंह बेगूसराय में रहेंगे। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय और बिहार भाजपा अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल की उपस्थिति समस्तीपुर में समारोह स्थल पर रहेगी।