2020/09/11

मुजफ्फरपुर लड़की के अपहरण का मामला निकला फर्जी, प्रेमी संग दिल्ली भाग रचाई शादी

BIHAR-MUZAFFARPUR-दिघरा से डकैती के दौरान व्यवसायी की बेटी के अपहरण का मामला फर्जी निकल गया।

सदर थाना के दीघरा गांव में कथित डकैती के दौरान अपहृत किशोरी को पुलिस की विशेष टीम ने दिल्ली के वजीराबाद स्थित एक किराए के मकान से मुक्त कराया है। वह वहां शादी के बाद अपने प्रेमी के साथ रह रही थी। पुलिस ने प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। घर से ले गए कुछ गहनों को भी बरामद किया गया है। 

गुरुवार की शाम पुलिस उसे सीधे कोर्ट लेकर पहुंची। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के कोर्ट में पेश किया और सीआरपीसी की धारा-164 के तहत बयान दर्ज कराने की अर्जी दाखिल की। एसीजेएम शैलेंद्र कुमार राय के समक्ष किशोरी का बयान दर्ज कराया गया।

 यह जानकारी एसएसपी जयंतकांत ने गुरुवार की शाम अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में दी। मौके पर सिटी एसपी नीरज कुमार सिंह भी मौजूद थे।

 एसएसपी ने बताया कि दो सितंबर की रात लगभग एक बजे किशोरी नौ हजार रुपये व गहना लेकर अपने घर से निकली थी। प्रेमी उसे लेने दीघरा चौक तक पहुंचा था। इसके बाद मुजफ्फरपुर से बस से दोनों दिल्ली पहुंचे।

 घर से लिए गए नौ हजार रुपये में किशोरी ने पांच हजार रुपया किराया दिया था। वजीराबाद पहुंच कर चार हजार रुपये में एक किराया का मकान लिया और दोनों ने शादी कर ली। 

तीन दिनों से उसका प्रेमी दिल्ली में कही नौकरी कर रहा था। पुलिस ने किशोरी के पास से कुछ गहने बरामद किए हैं।

 एसएसपी ने बताया कि पूरे मामले की मॉनीटरिंग राज्य मुख्यालय में डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय कर रहे थे। एसएसपी ने कहा कि इस मामले में गुमराह व अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई होगी।

 सदर थाना के दीघरा गांव में तीन सितंबर की रात एक व्यवसायी के घर में कथित तौर पर डकैती हुई। व्यवसायी की ओर से दर्ज प्राथमिकी में डकैतों द्वारा लूटपाट करने के बाद बंदूक के बल पर पुत्री को अगवा करने का आरोप लगाया था।