मुंगेर पुलिस ने नक्सल प्रभावित रामगिरिया पहाड़ी पर चल रही पांच मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए अवैध हथियार निर्माण में संलिप्त 3 बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी लिपि सिंह ने बताया कि शामपुर ओपी अंतर्गत रामगिरिया पहाड़ी पर अवैध हथियार बनाए जाने की सूचना मिली थी।
हवेली खड़गपुर एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में छापेमारी दस्ता का गठन किया गया। छापामारी के दौरान पांच मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया गया। पुलिस ने अवैध हथियार बनाने के आरोप में अशोक बिंद, बजरंगी कुमार और मो औरंगजेब को गिरफ्तार किया।
निर्माण स्थल से पुलिस ने 7.65 एमएमए बोर की 2 सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल, एक देशी कट्टा, छह गोलियां, पांच बेस मशीन, एक ड्रिल मशीन सहित हथियार बनाने के काम में इस्तेमाल आने वाले कई औजारों को बरामद किया। हथियार बनाने के गैंग में कई अन्य अपराध कर्मी भी शामिल हैं जिनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
इन सामानों की हुई बरामदगी-सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल 2, देसी कट्टा 1, गोलियां 6, बेस मशीन 5, 7.65 एमएम की अर्ध निर्मित पिस्टल 9, मैगजीन 9, ड्रिल मशीन 1, हेक्सा फ्रेम 3, हथौड़ी 4, अर्ध निर्मित मैगजीन 5, रेती 7, स्प्रिंग 9, छेनी 5