कोसी महासेतु सहित यात्री सुविधाओं से जुड़ीं 12 रेल परियोजनाओं को प्रधानमंत्री बिहारवासियों को समर्पित करेंगे।
प्रारंभ होने वाली परियोजनाओं में कोसी महासेतु, किउल नदी पर नया रेलपुल, दो नई लाइन परियोजना, पांच विद्युतीकरण परियोजना, एक इलेक्ट्रिक लोको शेड एवं एक तीसरी रेल लाइन परियोजना शामिल है।
पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ राजेश कुमार ने बुधवार को बताया कि प्रधानमंत्री रेल परियोजनाओं का वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिये उद्घाटन करेंगे।
वर्ष 2003-04 में कोसी महासेतु नई रेल लाइन परियोजना को मंजूरी मिली थी। 1.9 किलोमीटर लंबे पुल के निर्माण पर 516 करोड़ रुपये खर्च हुआ है।
भारत-नेपाल सीमा के लिए सामरिक दृष्किोण से भी यह रेल रेल पुल काफी महत्वपूर्ण है। इस परियोजना को कोविड महामारी के दौरान ही अंतिम रूप दिया गया जिसमें प्रवासी श्रमिकों की भी सेवा ली गई।
सहरसा-सरायगढ़-आसनपुर कुपहा रेलखंड की कुल लंबाई 64 किलोमीटर है जिसमें सहरसा से सुपौल (26 किमी) तक ट्रेनों का परिचालन जारी है। अब कोसी रेल महासेतु बन जाने के बाद सुपौल से आसनपुर कुपहा तक ट्रेन परिचालन शुरू हो जाएगी।