2020/09/21

बिहार के हर गांव में मिलेगी हाई स्पीड इंटरनेट सुविधा, अगले 6 महीने में 46 हजार गांव ऑप्टिकल फाइबर से जुड़ेंगे

बिहार में अगले 6 महीने के अंदर सभी गांव हाई स्पीड इंटरनेट से जुड़ जाएंगे। बिहार को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बड़े पैकेज का ऐलान किया। मोदी ने कहा कि देश के सभी गांवों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार बड़े कदम उठा रही है। 

बिहार से इस योजना की शुरूआत हो रही है। इस योजना के तहत एक एक हजार दिनों में देश के 6 लाख गांव को ऑप्टिकल फाइबर से जोड़ा जाएगा। बिहार में 46 हजार गांवों को हाई स्पीड इंटरनेट से जोड़ने के लिए 640 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे और मार्च 2021 तक इस योजना को पूरा कर लिया जाएगा।


मोदी ने कहा कि नीतीश के सुशासन में आगे बढ़ते बिहार में इस योजना पर तेजी से काम होगा। भारत के गांव में इंटरनेट का उपयोग करने वालों की संख्या शहरी लोगों से ज्यादा हो जाएगी। यह कुछ साल पहले तक सोचना मुश्किल था।

 गांव की महिलाएं, किसान और युवा इतनी आसानी से इंटरनेट का इस्तेमाल करेंगे इस पर बहुत लोग सवाल उठाते थे। लेकिन, ये सारी स्थितियां बदल चुकी हैं। आज भारत डिजिटल ट्रांजेक्शन करने वाले दुनिया के सबसे अग्रणी देशों में शामिल है।

अगस्त के आंकड़ों को देखें तो इस दौरान लगभग 3 लाख करोड़ रुपए का लेनदेन यूपीआई के माध्यम से हुआ। कोरोना के समय इससे लोगों को बहुत मदद मिली।

 इंटरनेट का इस्तेमाल बढ़ने के साथ-साथ अब ये भी जरूरी है कि देश के गांव में अच्छी क्वालिटी और तेज रफ्तार वाला इंटरनेट हो। अब तक देश के करीब 1.5 लाख पंचायत तक ऑप्टिकल फाइबर पहले ही पहुंच चुका है। जब गांव-गांव में तेज इंटरनेट पहुंचेगा तब गांव में पढ़ाई आसान होगी।


मोदी ने कहा कि पहले अगर रेलवे का टिकट लेना होता था तो गांव से शहर जाना पड़ता था। आज अपने ही गांव में कॉमन सर्विस सेंटर में जाकर टिकट ले सकते हैं।

 यह सब इंटरनेट की वजह से हुआ है। हमारे किसानों को भी इसका बहुत लाभ मिलेगा। इससे किसानों को खेती से जुड़ी आधुनिक तकनीक, नई फसल, नई बीज और बदलते मौसम की जानकारी रियल टाइम में मिलना संभव हो जाएगा। 

अपने व्यापार और कारोबार को पूरे देश और दुनिया में पहुंचाने में सुविधा होगी। एक प्रकार से गांव को अब शहरों की तरह हर सुविधा घर बैठे मिलेगी।