2020/09/12

बिहार में दर्दनाक हादसा- दाह संस्कार में शामिल होने जा रहे 35 लोगों से भरी नाव नदी में पलटी

BIHAR-ARARIYA-अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे 35 यात्रियों से भरी नाव अचानक अनियंत्रित होकर परमान नदी में पलट गई। हादसा जिले के सदर प्रखंड होकर बहने वाली परमान नदी के झमटा- महिषाकोल घाट पर शनिवार को हुआ। ग्रामीणों के सहयोग से अधिकतर लोगों को नदी से सुरक्षित निकाल लिया गया है।

हालांकि कुछ के अभी भी लापता होने की बात कही जा रही है। इस नाव पर कितने लोग सवार थे इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। नाव पर  दर्जन भर साइकिल और बाइक भी थी। इसमें चार बाइक, आधा दर्जन साइकिल को ग्रामीणों ने नदी से निकाल लिया। नाव अभी भी नही मिली है। कई पुलिसकर्मी पहुँच कर राहत व बचाव कार्य में जुट गई।

 जानकारी अनुसार झमटा गांव में एक व्यक्ति के निधन होने के बाद उसके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए नाव पर सवार हो पुरंदाहा, डोरिया व  मुरबल्ला के झमटा आ रहे थे।बताया जाता है नाविक नही मिलने पर ये लोग खुद नाव चलाने लगे। नाव चलाने की जानकारी नही होने और क्षमता से अधिक लोगों के बैठने के कारण वह किनारा पहुंचने के पहले ही पलट गई।