किन्नरों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर पहले दोनों युवकों का मुंडन कराया और फिर जुलूस निकालकर पुलिस चौकी ले गए जहां किन्नरों ने उनकी चप्पलों से धुनाई की। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
अहैड़ा गांव में शुक्रवार शाम तीन फर्जी किन्नर बधाई मांग रहे थे। जानकारी मिलने पर क्षेत्र के किन्नर गांव पहुंचे। जिनको देखकर फर्जी किन्नर बाइक से भागने लगे।
पीछा कर दो फर्जी किन्नरों को पकड़ लिया, जबकि उनका एक साथी बाइक से भाग गया। पकड़े गए फर्जी किन्नरों की ग्रामीणों व असली किन्नरों ने खूब धुनाई की। फिर उनको कस्बा अग्रवाल मंडी टटीरी लेकर पहुंचे, जहां उनका मुंडन कराया और फिर जुलूस के रूप में पुलिस चौकी ले गए।
पुलिस के सामने ही उनकी चप्पलों से धुनाई की। पुलिस ने दोनों फर्जी किन्नरों को हिरासत में ले लिया। ग्रामीणों ने बताया कि फर्जी किन्नरों ने नौ मकानों से करीब 30 हजार रुपये की बधाई ली थी।
उधर, चौकी प्रभारी सचिन कुमार का कहना है कि दोनों युवक किन्नरों के साथ मिलकर ढोलक बजाते थे। बधाई को लेकर उनका आपस में विवाद हुआ है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।