2020/09/22

समस्तीपुर में पुलिस के छापेमारी से हड़कंप, सरकारी स्कूल से 13 कार्टन में 122 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की

BIHAR-SAMASTIPUR-अंगारघाट थाना क्षेत्र के डढिया असाधर प्राथमिक विद्यालय वार्ड 6 से अंगारघाट पुलिस ने छापेमारी कर 13 कार्टन में 122 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की है। 
थानाध्यक्ष आफताब आलम ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार की सुबह स्कूल में छापेमारी की गई। जिसमें स्कूल से शराब बरामद कर लिया गया। उन्होंने बताया कि मौके पर की गई छानबीन के आधार पर गांव के रामसकल राय के पुत्र संतोष राय सहित पांच लोगों के विरुद्ध शराब के धंधा में संलिप्त होने की प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

थानाध्यक्ष ने बताया कि जल्द ही सभी धंधेबाजों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर विद्यालय के एचएम रागिनी कुमारी ने पुलिस को आवेदन देकर बताई है कि उन्हें सोमवार की सुबह शराब बरामद होने की खबर ग्रामीणों द्वारा मिली। 

इसके बाद विद्यालय पहुंचने पर पता चला कि गांव के ही संतोष राय, चंदन कुमार तथा दीपक कुमार के द्वारा स्कूल में शराब रखकर बाइक से अन्यत्र कहीं ले जाने के दौरान पुलिस आ गई।

 पुलिस को पहुचने पर सभी धंधेबाज भाग निकले। बतादें कि थाना क्षेत्र के डढिया गांव स्थित राजेश्वर चौक के पास सोमवार को विद्यालय से मिली शराब स्थल से कुछ ही दूरी पर 15 दिन पूर्व हजारों लीटर शराब एक घर से बरामद हुआ था। 

जिसमें विद्यालय में मिली शराब के धंधेबाज सहित चार लोगों को नामजद किया गया था। जिसमें एक की गिरफ्तारी हो चुकी है। इसके बावजूद धंधेबाज शराब का धंधा चलाने से बाज नहीं आ रहें हैं।