2020/08/27

बिहार पुलिस ने खदेड़कर लोडेड देशी कट्टा के साथ एक युवक को धर दबोचा

BIHAR-SAHARSA- जिले के बिहरा थाना क्षेत्र के दुम्मा नहर पर पुल के समीप से बिहरा पुलिस ने खदेड़कर एक बदमाश को लोडेड देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। बिहरा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गिरफ्तार युवक अपने साथियों के साथ किसी घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहा है। 

घटना के संदर्भ में बिहरा थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने बताया कि बिहरा गाँव निवासी सोनू देव अपने साथियों के साथ दुम्मा नहर पर किसी घटना को अंजाम देने हेतु योजना बना रहा था। जिसकी गुप्त सूचना मिलते ही एएसआई प्रकाश रजक समेत अन्य पुलिस बलों द्वारा वहां घेराबंदी किया गया।

 वहीं पुलिस वाहन के पहुँचते ही सभी मौके से फरार हो गये लेकिन भाग रहे सोनू को पुलिस बल ने खदेड़कर गिरफ्तार कर लिया गया। जांच के दौरान उसकी कमर से लोडेड देसी कट्टा बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार सोनू बीते 19 मई को बिहरा स्थित दिनेश लाल दास के दरवाजे के समीप से पीएचसी पंचगछिया में पदस्थापित स्वास्थ्य प्रबंधक की चोरी हुई स्कार्पियो मामले का आरोपी भी है।

 पुलिस द्वारा इसकी गिरफ्तारी के लिए कई बार छापेमारी भी की गई थी। मगर वह हर बार यह चकमा देकर फरार होने मे कामयाब हो जाता था। वहीं पुलिस के गिरफ्त में आये बदमाश के निशानदेही पर फरार साथियों की गिरफ्तारी हेतु चिह्नित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। फिलहाल गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

रिपोर्ट-रितेश हन्नी@सहरसा