2020/07/12

योगी सरकार का लॉकडाउन पर नया फॉर्मूला, हर शनिवार-रविवार बंद रहेंगे बाजार

UP में लगातार कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच योगी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब यूपी में शनिवार और रविवार को बाजार बंद रहेंगे। दफ्तरों को लेकर कोई फैसला नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि स्वच्छता और सैनिटाइजेशन के लिए शनिवार और रविवार बाजार खोलने पर प्रतिबंध रहेगा। अवनीश अवस्थी अपर मुख्य सचिव ने बताया है कि बैंक व औद्योगिक संस्थान खुले रहेंगे। बाकी सब बाजार व माल व अन्य भीड़ भाड़ वाली गतिविधियां बंद रहेंगी। इसके अलावा सरकारी दफ्तर जो शनिवार को बंद रहते थे वे तो बंद ही रहेंगे, बाकी सरकारी दफ्तरों में पचास-फीसदी हाजिरी का सख्ती से पालन होगा। 

इस अवधि में सभी जरूरी सेवाएं जैसे चिकित्सा और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पहले की भांति खुली रहेगी। इन सेवाओं में कार्यरत व्यक्तियों, कोरोना वारियर, स्वच्छता कर्मियों व डोर टू डोर सप्लाई से जुड़े व्यक्तियों के आने-जाने पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा।

कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे के मद्देनजर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने पूरे प्रदेश में जरूरी सेवाओं को छोड़कर अन्य सभी गतिविधियों पर 10 जुलाई से 55 घंटे तक प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया था। ये 13 जुलाई सुबह 5 बजे तक चलनाहै। इस संबंध में मुख्य सचिव आरके तिवारी ने आदेश जारी किए थे।