प्रेमिका की शादी कर देने से नाराज सिरफिरे आशिक अमित ने उसके परिवार से बदला लेने का फैसला कर दिया। दो साल बाद सोमवार को उसने मौका देखकर प्रेमिका की मां की हत्या कर दी।
उसने धारदार हथियार से सिर और शरीर पर हमला कर महिला को मौत के घाट उतार दिया। मृतका बेलदौर थाना क्षेत्र के पनसलवा गांव निवासी लेलहो सिंह की 50 साल की पत्नी वीणा देवी थी।
घटना खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र के पनसलवा गांव की है। महिला की हत्या के बाद अमित अपने ननिहाल में छिप गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने आरोपी को उसके ननिहाल में घेर लिया।
मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाना ले जाने लगी तो आक्रोशित ग्रामीण पुलिस पर टूट पड़े और आरोपी को पुलिस से छीन कर पीटने लगे।
उसे पीट-पीट कर अधमरा कर दिया गया। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों की भीड़ से आरोपी को बचाने में कई पुलिस कर्मी भी जख्मी हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस के वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस आरोपी को किसी तरह भीड़ से बचाकर ले गई और उसे इलाज के लिए पीएचसी में भर्ती कराया।
ग्रामीणों ने बताया कि मृतका के बड़े बेटे दुलारचंद के साथ हत्यारोपी अमित की गहरी दोस्ती थी। दोनों का एक-दूसरे के घर आना जाना होता था। इसी बीच अमित दुलारचंद की बहन और मृतका की छोटी बेटी से एकतरफा प्रेम करने लगा।
इस बात की भनक परिजनों को जैसे ही लगी अमित का घर आना बंद करा दिया गया। इसके बाद मृतका ने अपनी छोटी बेटी की शादी कर दी। इसके बाद से ही अमित बदले की आग में जलने लगा और बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में लग गया।
पुलिस पूरी मामलों के लेकर जांच में जुटी हुई हैं।