231 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने धमाकेदार शुरुआत की। रोहित ने 33 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल 35 गेंद में 16 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान रोहित शर्मा ने 47 गेंद में 58 रन बनाए। इन दोनों बल्लेबाजों को वेल्लालगे ने आउट किया। वॉशिंगटन सुंदर पांच रन ही बना सके। विराट कोहली और श्रेयस अय्यर सेट होने के बाद आउट हुए। कोहली ने 32 गेंद में 24 और श्रेयस ने 23 गेंद में 23 रन बनाए।केएल राहुल और अक्षर के बीच 57 रन की साझेदारी हुई। राहुल 31 और अक्षर 33 रन बनाकर आउट हुए। कुलदीप यादव दो रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद शिवम दुबे ने कुछ बड़े शॉट खेले लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। भारत को आखिरी 18 गेंद में सिर्फ पांच रन चाहिए थे लेकिन असलंका ने लगातार गेंदों पर शिवम और अर्शदीप को आउट करके मैच टाई करवाया। शिवम दुबे 24 गेंद में 25 रन बनाकर आउट हुए। ये दूसरे मौका है, जब भारत और श्रीलंका के बीच मैच टाई हुआ हो। श्रीलंका की ओर से वानिंदु हसरंगा-चरिथ असलंका ने 3-3 और दुनिथ वेल्लालगे ने दो विकेट चटकाए।
श्रीलंका ने भारत के खिलाफ पहले वनडे में बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में आठ विकेट खोकर 230 रन बनाए। श्रीलंका की ओर से दुनिथ वेल्लालगे और निसांका ने अर्धशतकीय पारी खेली। भारत की ओर से गिल को छोड़कर सभी गेंदबाजों ने विकेट चटकाए। श्रीलंका की टीम एक समय 105 के स्कोर पर ही 5 विकेट गंवा चुकी थी लेकिन वेल्लालगे और निसांका की मदद से टीम ने वापसी की और 200 के पार पहुंची।
श्रीलंका ने टॉस जीतकर भारत के खिलाफ पहले बैटिंग का फैसला लिया। श्रीलंका के लिए हालांकि यह फैसला कुछ खास साबित नहीं हुआ और तीसरे ओवर में ही श्रीलंका को पहला झटका लगा। मोहम्मद सिराज ने अपने दूसरे ही ओवर में भारत को पहली सफलता दिलाई। निसांका और मेंडिस के बीच दूसरे विकेट के लिए 39 रन की साझेदारी हुई है। कुसल मेंडिस 31 गेंद में 14 रन बनाकर आउट हुए। शिवम ने उन्हें आउट किया। सदीरा समरविक्रमा 18 गेंद में 8 रन ही बना सके। कप्तान चरिथ असलंका 21 गेंद में 14 रन ही बना सके। पथुम निसांका 75 गेंद में 56 रन बनाकर पवेलियन लौटे। जनिथ लियानगे (20) को अक्षर ने आउट किया। हसरंगा ने 35 गेंद में 24 रन का योगदान दिया। दुनिथ वेल्लालगे ने 65 गेंद में नाबाद 67 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने 7 चौके और दो छक्के लगाए। भारत ने इससे पहले तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में क्लीनस्वीप किया था।