-->

Breaking News

बिहार में दो दिन बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने ठंड को लेकर भी जारी की चेतावनी

DESK : मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक बिहार के कई जिलों में गुरुवार को बादल छाए रह सकते हैं, अगले 24 घंटे के भीतर बारिश की संभावना है। 5 फरवरी के बाद ठंड में फिर बढ़ोतरी के आसार है।

Bihar Weather Forecast: बिहार में लोगों को ठंड से हल्की राहत मिली है। मगर अधिकतर जगहों पर गुरुवार से आंशिक बादल छाए रहने के आसार हैं। तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में गिरावट और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। यानी कि लोगों को दो तरह का मौसम परेशान करने वाला है। साथ ही 2 से 3 फरवरी के बीच प्रदेश के कुछ शहरों में बूंदाबांदी होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी बिहार में एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से बादल छाए रहने और बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। वहीं 3 फरवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। इसके 5 फरवरी तक जाने के आसार हैं। इसके बाद एक बार फिर से राज्य में ठंड बढ़ सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को प्रदेश के जीरादेई, बक्सर, डेहरी, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई का न्यूनतम पारा गिरा। वहीं 24 शहरों के तापमान में बढ़ोतरी हुई। पटना सहित प्रदेश के 26 शहरों के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं कैमूर, नवादा, जमुई, फारबिसगंज, मधुबनी में गिरावट आई है। प्रदेश का सबसे ठंडा शहर 5.2 डिग्री के साथ मोतिहारी और सबसे गर्म 26 डिग्री सेल्सियस के साथ खगड़िया रहा।

पटना का अधिकतम और न्यूनतम पारा चढ़ा

बुधवार को पटना के न्यूनतम व अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस कारण लोगों को ठंड से राहत मिली। न्यूनतम तापमान में 0.6 और अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। पटना का न्यूनतम 9.7 और अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इन जिलों में बारिश के आसार

अगले 24 घंटे में वैशाली, समस्तीपुर, छपरा, सीवान, गोपालगंज, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया और मधेपुरा जिले में बूंदाबांदी की आशंका है।

कोई टिप्पणी नहीं