-->

Breaking News

संदिग्ध अवस्था में मिला महिला का शव, सास ने दामाद पर लगाया हत्या का आरोप

DESK : किशनगंज जिले में एक महिला का संदिग्ध परिस्थितियों में शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। किशनगंज शहर के रेलवे कॉलोनी स्थित रेलवे क्वार्टर में 30 वर्षीय विवाहिता महिला का शव शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थिति में फंदे से लटका मिला। शव की पहचान कविता कुमारी (30) पति प्रीतम महतो के रूप में की गई है। सूचना मिलने पर रेल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पुलिस अभिरक्षा में पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। घटना शुक्रवार 12 बजे के बाद की बतायी जाती है। रेल थाना की पुलिस ने मृतका कविता कुमारी के पति प्रीतम महतो को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। मृतका का पति प्रीतम महतो रेलवे में ट्रैकमैन के पद पर कार्यरत है।

मृतका का मायका किशनगंज प्रखंड केढेकसारा में है। मृतका कविता कुमारी की मां ममता देवी ने बताया कि उसे शुक्रवार को12 बजे के बाद घटना की जानकारी मिली। इसके बाद वह अपनी बेटी के ससुराल पहुंची तो शव एक कमरे में जमीन में पड़ा मिला। बताया जाता है कि मृतका कविता कुमारी का पति प्रीतम महतो ड्यूटी कर सुबह में वापस लौटा था। वापस लौटने के बाद सो गया। जब नींद खुली तो अपनी पत्नी को फंदे से लटका देखा। मृतका के पति ने बताया कि पत्नी को फंदे से लटका देख उसे नीचे उतार दिया। इधर मृतका के मायके वाले बेटी के ससुराल पहुंचते ही बेटी के पति व ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। 

जिस कमरे में शव फंदे से लटका था। मृतका के मायके वालों ने बताया कि उस कमरे में बाहर से ताला लगा हुआ था। मृतका के मायके वाले उस कमरे को खुलवाने की मांग कर रहे थे। इस बात को लेकर भी हंगामा होने लगा। बाद में रेल थाना के थानाध्यक्ष नितेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद मृतका के मायके वाले शांत हुए। कविता कुमारी की शादी पांच वर्ष पूर्व रेलवे कर्मी प्रीतम महतो से हुई थी। उसे एक बच्चा भी है। मृतका कविता के मायके वालों ने बताया कि पति और ससुराल वालों के द्वारा बेटी को प्रताड़ित किया जाता था। रेल थानाध्यक्ष नितेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मृतका के पति प्रीतम महतो को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद ही स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट होगी।

कोई टिप्पणी नहीं