PATNA : : डीजी शोभा ओहटकर पर गाली देने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाने वाले आइजी विकास वैभव और डीआइजी विनोद कुमार की अग्निशमन व होमगार्ड सर्विस से विदाई कर दी गई है.गृह विभाग ने सोमवार की शाम दोनों अधिकारियों को पद से हटाते हुए पुलिस मुख्यालय बुला लिया है। इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी गई है।आइजी विकास वैभव ने आठ फरवरी की रात ट्वीट कर डीजी पर गाली देने का आरोप लगाया था। हालांकि, बाद में उन्होंने ट्वीट डिलीट कर दिया था।इसके बाद डीजी शोभा ओहटकर ने उन्हें नोटिस जारी कर 24 घंटे में जवाब मांगा था। बाद में जवाब न मिलने पर गृह विभाग ने आइजी विकास वैभव से स्पष्टीकरण मांगा था।
इसके जवाब में आइजी विकास वैभव ने डीजी पर गाली देने का आरोप लगाते हुए कहा था कि मेरा अब एक दिन भी उनके नियंत्रणाधीन कार्यरत रहना गंभीर खतरे की घंटी से कम नहीं है।मुझे आशंका है कि कार्यस्थल पर ही मेरे साथ कुछ अप्रिय घटनाएं हो सकती हैं। ऐसे में विकास वैभव ने तबादला करने या छुट्टी देने की मांग विभाग से की थी।गृह विभाग को लिखे पत्र में आइजी विकास वैभव ने दावा किया था कि डीआइजी विनोद कुमार के साथ भी डीजी अमानवीय दुर्व्यवहार कर चुकी हैं।
इसके कारण डीआइजी उनके कार्यालय कक्ष में ही बेहोश हो गए थे और लगभग 45 मिनट के बाद पूर्ण होश में आ सके थे। तब से उनकी तबीयत भी लगातार खराब चल रही है। इस मामले को लेकर डीआइजी व आइजी के द्वारा गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव से शिकायत करने की बात भी कही गई थी।मुझे आइजी होमगार्ड एवं फायर सर्विसेज का दायित्व 18 अक्टूबर 2022 को दिया गया था और तब से ही सभी नव दायित्वों के निर्वहन हेतु हरसंभव प्रयास कर रहा हूं। प्रतिदिन तब से अनावश्यक ही डीजी मैडम के मुख से गालियां ही सुन रहा हूं। (रिकार्ड भी) ! परंतु यात्री मन आज वास्तव में द्रवित है। ''