2023/02/17

बिहार: फंदे से लटका मिला नवविवाहिता का शव,दो महीने पहले ही हुई थी शादी,बाइक के लिए गला घोंटकर हत्या

DESK : भोजपुर के कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के पीपरपांती गांव में दहेज के लिए एक विवाहिता की हत्या किये जाने की घटना सामने आयी है। गुरुवार की सुबह घर से उसका शव बरामद किया गया है। उसके गले पर काला निशान भी मिला है। इससे विवाहिता के खुदकुशी किये जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मायके वाले दहेज के लिए गला घोंट हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं। मृतका पीपरपांती गांव निवासी धर्मेंद्र प्रसाद की 22 वर्षीय पत्नी मोनिका देवी थी। उसकी शादी पिछले साल सात दिसंबर को हुई थी। 

सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इधर, बड़हरा थाना क्षेत्र के गांव निवासी विवाहिता के दादा उमेश प्रसाद ने बताया कि शादी के कुछ दिन बाद से ही मोनिका के पति सहित अन्य ससुराल वालों द्वारा दहेज में बाइक का मांग की जाने लगी थी। इसे लेकर उन लोगों द्वारा अक्सर मोनिका को प्रताड़ित भी किया जाता था। 20 दिन पूर्व ही उसका पति धर्मेंद्र प्रसाद काम करने के लिए दिल्ली चला गया। इसी बीच गुरुवार की सुबह गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा मोनिका के पिता पारसनाथ को फोन कर बताया गया है उनकी बेटी ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली है। उसकी सूचना पर वेलोग पीपरपांती गांव पहुंचे। वहां देखा कि मोनिका का शव जमीन पर पड़ा है।

घर में सिर्फ उसकी सास है, जबकि अन्य सदस्य घर से फरार हैं। उन्होंने दहेज में बाइक की मांग को लेकर ससुराल वालों पर गला घोंट कर मोनिका की हत्या करने का आरोप लगाया है। इधर, पुलिस खुदकुशी की आशंका जता रही है। पुलिस की ओर से तैयार मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार महिला की मौत फांसी लगने के कारण मृत्यु होना प्रतीत होता है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि विवाहिता के माता-पिता और भाई दिल्ली में काम करते हैं। उसके परिवार में मां आशा देवी, बहन ज्योति, मंतुरण और भाई कुणाल कुमार है। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया है।