DESK : सुपौल पुलिस ने अजय हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। सदर थाना क्षेत्र के नया नगर वार्ड 14 में 19 फरवरी की रात किराना दुकानदार अजय विश्वास की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी रीना देवी, उसके प्रेमी वार्ड 26 निवासी विनोद कुमार पासवान और घटना में लाइजनर बने रतनपुरा थाना क्षेत्र के ढ़ाढ़ा निवासी सुमित कुमार को गिरफ्तार किया है। घटना में इस्तेमाल बाइक भी बरामद की गई है। अजय को गोली मारने वाले शूटर और उसके सहयोगी की गिरफ्तारी का प्रयास जारी है।
एसपी डी अमरकेश ने मंगलवार को सदर थाना में बताया कि मृतक की बहन रेणू देवी के बयान पर केस दर्ज किया गया था। इसमें अजय विश्वास की पत्नी रीना देवी और विनोद पासवान के अलावे दो अज्ञात को आरोपी बनाया गया था।एसपी ने बताया कि 2013 से ही विनोद और रीना में पहचान थी। करीब छह से सात साल से दोनों में अवैध संबंध था। दो साल पहले अजय जब सूरत से वापस लौटा तो पत्नी पर सख्ती करने लगा। छठ पूजा के दो दिन बाद भी विनोद पासवान ने रीना से मिलने पर पाबंदी लगाने के कारण अजय को मरवाने की धमकी दिया था।
एसपी ने बताया कि 25 जनवरी को अजय की हत्या की साजिश रची गई। इसके लिये विनोद ने एक शूटर सुबोध से बात की। उसे अलग-अलग लोगों से 35 हजार नकद भेजवाया। एक-एक हजार कर तीन बार में सुबोध के खाते में पैसा ट्रांसफर किया गया। काम होने के बाद शेष रुपये देने की बात थी। 25 जनवरी को ही विनोद ने रीना को बताया दिया कि अजय को मरवाने का इंतजाम हो गया है। घटना के दिन भी शाम करीब 5 बजे विनोद ने रीना को फोन कर बताया कि आज तुम्हारे पति का काम तमाम हो जाएगा। विनोद ने शूटर की मदद के लिये सुमित को भेजा था। उसका काम सुबोध के पकड़े जाने की स्थिति में उसकी मदद करना और घटनास्थल से विनोद को पल-पल की खबर देते रहना था। इसके बाद पुलिस सीसीटीवी फूटज और रीना की मोबाइल को खंगाला तो हत्याकांड का राज खुल गया।
Source - hindustan