2021/10/24

बिहार : तेजाब हमले में झुलसी महिला की PMCH में मौत, सनकी पति ने पत्नी और बच्चों पर फेंका था तेजाब

SAHARSA : सहरसा में पति के तेजाबी हमले में बुरी तरह झुलसी पत्नी 
ममता की पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई है। बुधवार को बच्चों संग सोई पत्नी पर सनकी पति ने तेजाब फेंका था, जिससे वह बच्चों के साथ बुरी तरह झुलस गई थी। परिजन उसे लेकर सदर अस्पताल लाए, जहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देख पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया था। मृतका ममता सहरसा के बटराहा स्थित वार्ड नं-27 में अन्नपूर्णा मंदिर के पास की रहने वाली थी। मृतका के साथ दो और बच्चियां तेजाब हमले में झुलसी थी, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है.

घटना के बारे में मृतका के जेठ राजू पोद्दार ने बताया कि पटना में रहने वाली ममता की शादी उसके छोटे भाई रवि पोद्दार से हुई थी। उसे तीन बच्चे हैं। रवि रेलवे स्टेशन के पास सत्तू, पान और गुटखा का दुकान करता था। वह अपनी पत्नी के चरित्र पर हमेशा शक करता रहता था, जिसके चलते बराबर झगड़ा होता था। इसी वजह से उसने पत्नी पर तेजाब फेंक उसे बदसूरत करना चाहा। इस चक्कर में पत्नी बुरी तरह झुलस गई। घटना के बाद से ही पति फरार है। इस मामले में अब तक सदर थाना में मामला भी दर्ज नहीं हो पाया है।

घटना के बारे में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संतोष कुमार ने कहा कि यहां उसका बयान नहीं हो पाया था। पटना में बयान दिया है। इसके आधार पर सदर थाना में मामला दर्ज होगा और सख्त कार्रवाई होगी। घटना के बाद सहरसा के वार्ड नं-27 के वार्ड पार्षद गौरव कुमार सिंह ने सरकार से मृतका के बच्चों के लिए आर्थिक सहायता देने की बात की है। फिलहाल पटना पुलिस ने मृतका का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गयी है।