PATNA : बिहार में सरकारी नौकरी की राह देख रहे युवाओं के लिए एक अच्छी खबर है. राज्य के प्रारंभिक विद्यालयों में शारीरिक शिक्षा और स्वास्थ्य अनुदेशक के पद पर बहाली का रास्ता साफ़ हो गया है. सूबे के सरकारी स्कूलों में 8386 फिजिकल टीचर बहाली होने जा रही है.
गौरतलब हो कि लंबे समय से अभ्यर्थियों को इस बहाली का इंतजार है. बच्चों का मुफ्त और अनिवार्य शिक्षा अधिनियम 2009 में निहित प्रावधान के आलोक में 8000 रूपये प्रतिमाह की दर के वेतन पर बिहार के 8386 राजकीयकृत प्रारंभिक विद्यालयों में तत्काल एक-एक शारीरिक शिक्षा और स्वास्थ्य अनुदेशक का पद सृजन करने की स्वीकृति दे दी गई है.
शारीरिक शिक्षा सह स्वास्थ्य अनुदेशक के 8386 पदों का सृजन तो कर दिया गया है. लेकिन फिलहाल इतने योग्य अभ्यर्थी ही नहीं मिल पाएंगे. आपको बता दें कि आवेदन की प्रक्रिया के लिए अभ्यर्थियों को आवश्यक समय भी दिया जाएगा. शारीरिक शिक्षा और स्वास्थ्य अनुदेशक योग्यता परीक्षा 2019 की परीक्षा में कुल 6,199 अभ्यर्थी शामिल हुए थे. इसमें कुल 3 हजार 523 अभ्यर्थी पास हुए हैं. इन सभी की नियुक्ति अभी की जाएगी. 8383 शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक पद के सृजन पर अनुमानित वार्षिक व्यय 81 करोड़ रुपए है, जबकि पात्रता परीक्षा में सफल 3523 की बहाली होती है तो इनपर करीब 34 करोड़ का प्रति वर्ष खर्च संभावित है.