CHHAPRA : बिहार के छपरा जिले में 10वीं क्लास की एक लड़की के साथ गनगरेप की घटना सामने आई है. चार बदमाशों ने पीड़िता का हाथ, पैर और मुंह बांधकर बलात्कार किया. इस मामले में पुलिस की भी शर्मनाक करतूत का खुलासा हुआ है, जिसने घटना के चार दिन बाद भी पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज नहीं किया और न ही कोई कार्रवाई की.
घटना को लेकर पीड़िता ने 19 अक्टूबर को ही नगरा ओपी के पुलिस को सूचना दी. उसने आवेदन देकर इंसाफ की मांग की. लेकिन पुलिसवालों ने उसे झूठा आरोप लगाने की बात कहकर भगा दिया. पुलिसवालों ने उसे सुबह-शाम दौड़ाया. लेकिन उन्होंने एफआईआर दर्ज नहीं की. थक-हराकर पीड़िता जब 22 अक्टूबर को महिला थाने में शिकायत कराने जा रही थी. इस दौरान पुलिस को किसी तरह इसकी भनक लग गई.
पुलिस ने बीच रास्ते में पीड़िता को रोक लिया और उन्होंने एफआईआर दर्ज़ करने की बात कही. पीड़िता ने अपने आवेदन में सन्नू मियां, कैसर मियां, बाबू अली और साहेब अली को आरोपी बनाया है. पुलिस मामला दर्ज कर मेडिकल करने की तैयारी में जुटी हुई है. नगरा ओपीध्यक्ष हरेश्वर प्रसाद सिंह ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. सीनियर अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई की जा रही है.