2021/08/26

समस्तीपुर : नदी में उपलाती मिली लड़की का शव, रेप कर मर्डर की आशंका,पुलिस छानबीन में जुटी

SAMASTIPUR : पूसा थाना के धोबगामा गांव में ठाकुरबाड़ी के निकट जमुआरी नदी किनारे से एक युवती की शव मिलने के बाद ग्रामीणों में सनसनी फैल गयी। इससे देखते ही देखते नदी किनारे लोगों की भीड़ उमड़ गयी। 

बाद में सूचना मिलने पर पूसा थानाध्यक्ष निशा भारती के नेतृत्व में पुलिस पहुंची और शव को नदी से निकलवा पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृत युवती के शरीर पर लाल रंग का सलवार सूट था। जहां उसके लाल रंग के दुपट्टे से उसकी गर्दन और मुंह को बांधा गया था। वहीं दो अलग रंग के गमछों से दोनों हाथों को बांधा गया था।

युवती के हाथ में अंगूठी थी। उसकी भेषभूषा से लोग युवती को अच्छे परिवार का बता रहे थे। नदी किनारे जुटे लोग हत्या से पूर्व युवती के साथ दुष्कर्म की आशंका जता रहे थे। घटना स्थल के निकट खेत में कई स्थलों पर खून के छीटे भी दिख रहे थे। समाचार लिखे जाने तक शव की पहचान नही हो सकी थी । 

इस संदर्भ में थानाध्यक्ष ने बताया कि शव की पहचान नही हो सकी है। उन्होंने हत्या से पूर्व दुष्कर्म की आशंका से इंकार करते हुए कहा कि दूसरे स्थल पर हत्या कर शव को यहां फेक दिया गया हो सकता है। उन्होंने कहा शव पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेजकर मामले की गहन छानबीन की जा रही है।